सीआईए स्टाफ पटियाला पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर पंजाबी यूनिवर्सिटी की पार्किंग में रेड की लेकिन फॉरच्यूनर सवार संदिग्ध युवक गाड़ी मौके पर छोड़कर यूनिवर्सिटी की दीवार फांदकर फरार हो गया। सूत्रों के अनुसार यह संदिग्ध युवक गैंगस्टर गौरव शर्मा उर्फ गोरू बच्चा बताया जा रहा है लेकिन पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है।
जानकारी के मुताबिक सीआईए स्टाफ पटियाला पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पंजाबी यूनिवर्सिटी की पार्किंग में एक संदिग्ध युवक मौजूद है जिसके पास हथियार हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने उक्त कार का नंबर ट्रेस कराया जो जजाली निकला। पुलिस की ओर से जब पार्किंग में रेड की गई तो कार सवार युवक यूनिवर्सिटी की दीवार फांदकर फरार हो गया। पुलिस की ओर से फरार संदिग्ध की पहचान उजागर नहीं की जा रही है।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक फरार युवक खतरनाक गैंगस्टर गोरू बच्चा है जो यूनिवर्सिटी के पॉलीटिकल साइंस के एक स्टूडेंट के पास कुछ दिनों से हॉस्टल में छिपा बैठा था। पुलिस ने कार को अपने कब्जे में ले लिया है। सीआईए स्टाफ के सब इंस्पेक्टर गुरमेज सिंह ने बताया कि सुबह पुलिस पटियाला से कार सवार एक युवक का पीछा कर रही थी। वह पंजाबी यूनिवर्सिटी के गेट के पास अपनी कार छोड़कर मौके से फरार हो गया।
पीयू की सुरक्षा सवालों के घेरे में
इस सारे घटनाक्रम से पंजाबी यूनिवर्सिटी की सुरक्षा एक बार फिर से सवालों के घेरे मे आ गई है। यूनिवर्सिटी की पार्किंग में खड़ी संदिग्ध गाड़ी की जानकारी पुलिस के पास थी लेकिन यूनिवर्सिटी के सुरक्षा कर्मी व अधिकारी इससे अनजान थे। इस बारे में पंजाबी यूनिवर्सिटी के सिक्योरिटी इंचार्ज अमरजीत सिंह ने कहा कि उन्हें इस मामले की जानकारी सीआईए स्टाफ पुलिस की ओर से की गई रेड के बाद लगी।
गैंगस्टरों की पनाहगाह रही है यूनिवर्सिटी
पंजाबी यूनिवर्सिटी शुरू से ही गैंगस्टरों की पनाहगाह रही है। स्टूडेंट्स की आड़ में छिपे खतरनाक गैंगस्टर दलजीत भाना, आतंकवादी जगतार सिंह हवारा को पीयू से ही काबू किया गया था। यही नहीं यूनिवर्सिटी के अंदर फायरिंग की भी कई वारदातें हो चुकी हैं।
सुक्खा काहलवां की हत्या का बदला लेना चाहता था गोरू
पुलिस कस्टडी में शार्प शूटर सुक्खा काहलवां की 21 जनवरी 2015 को हत्या किए जाने के बाद गोरू बच्चा ने इस हत्या का बदला लेने का फैसला किया था। गोरू ने अपने गैंग मेंबरों के साथ हत्या के आरोपी विक्की गोंडर को मारने के लिए पुलिस के वाहनों का पीछा किया था लेकिन इसमें असफल रहा।