पटियाला के गैंगरेप केस ने नया मोड़ ले लिया है। 19 साल की गैंगरेप पीड़िता इलाज के दौरान राजिंदरा अस्पताल से लापता हो गई है। आरोप लगे रहे हैं कि आरोपियों ने ही पीड़िता को अस्पताल से अगवा कर लिया है।
वहीं पुलिस इससे साफ इनकार कर रही है। पुलिस के मुताबिक पीड़िता खुद ही कहीं चली गई है।
पटियाला में रविवार बाद दोपहर गुरु नानक नगर में एक 19 साल की युवती को तीन युवकों ने जबरन कार में अगवा करके गैंगरेप किया था। इस मामले में पीड़िता की मौसी पर भी आरोप लगे थे कि उसने ही युवती को नशीली चीज खिलाई। इसके बाद किडनैपिंग की गई।
अब इस मामले में नया मोड़ आ गया है। मंगलवार सुबह गैंगरेप पीडिता राजिंदरा अस्पताल के गायनी विभाग के वार्ड नंबर एक से अचानक लापता हो गई। आरोप लग रहे हैं कि केस के आरोपियों ने ही पीड़िता की किडनैपिंग की है।
पुलिस इससे पूरी तरह से इनकार कर रही है। माडल टाउन चौकी इंचार्ज गुरनाम सिंह ने कहा कि पीड़िता की मां ने बताया कि सुबह करीब आठ बजे वह जब बाथरूम गई, तो पीछे से उसकी लड़की कहीं चली गई। पुलिस ने जब गायनी वार्ड के गेट पर तैनात सिक्योरिटी गार्डों से पूछताछ की, तो उन्होंने बताया कि लड़की को उन्होंने चाय की दुकान की तरफ जाते देखा। उसके साथ कोई नहीं था।
चौकी इंचार्ज ने कहा कि इससे साफ है कि लड़की खुद गई है। मामले की जांच की जा रही है।
उधर, केस दर्ज करने वाले थाना अर्बन एस्टेट इंचार्ज पुनीत सिंह ने कहा कि मामला शुरू से ही संदिग्ध है। पीड़िता के परिवार की मौसी के साथ रंजिश है। लड़की खुद ही कहीं चली गई है।