पुलिस ने पचास लाख रुपये हेरोइन, दो पिस्तौल, 44 कारतूस समेत एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। तस्कर के पाकिस्तान तस्करों के साथ गहरे संबंध हैं।
एसपी (एच) बलविंदर सिंह सेखों ने बताया कि इंस्पेक्टर यादविंदर सिंह को गुप्त सूचना मिली थी कि तस्कर अमृतपाल सिंह अपने साथियों के साथ मिलकर हेरोइन, जाली करेंसी और असलहा का धंधा करता है। इसके पास नाजायज असलहा भी है। पुलिस ने सुकड़ नहर के पास नाकाबंदी की हुई थी।
इस दौरान वहां से एक कार को शक के आधार पर रोककर तलाशी ली तो पुलिस को सौ ग्राम हेरोइन, दो पिस्तौल, तीस एमएम के आठ कारतूस और नौ एमएम के चार कारतूस बरामद हुए। अमृतपाल के पाकिस्तान तस्करों के साथ गहरे संबंध हैं। कई बार पाकिस्तान से हेरोइन लाकर बेच चुका है।
इसके खिलाफ नशीले पदार्थ के आरोप में अमृतसर पुलिस ने 2008 में मामला दर्ज किया था और दस साल की सजा हुई थी। कुछ दिन पहले ही जमानत पर जेल से बाहर आया था। इससे पूछताछ करने पर तीस एमएम के 32 कारतूस बरामद हुए हैं।