पैसों के लेन-देन को लेकर परेशान चल रहे एक फाइनेंसर ने अपने दफ्तर में खुद को अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से गोली मार कर आत्महत्या कर ली। सिविल लाइन थाना के इंचार्ज गुरप्रीत सिंह भिंडर के मुताबिक कुलविंदर सिंह (36) पुत्र सुखदेव सिंह निवासी पंजोली खुर्द जिला फतेहगढ़ साहिब थाना मुल्लेपुर फाइनेंस का काम करता था। उसने कई लोगों को फाइनेंस पर लाखों रुपये दे रखे थे, जो अब उसके पैसे वापस नहीं कर रहे थे। इसी मानसिक परेशानी की हालत में वीरवार शाम करीब चार बजे फाइनेंसर ने पटियाला के 22 नंबर फाटक स्थित अपने दफ्तर में खुद को गोली मार ली।
फाइनेंसर ने अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से ही अपने सिर में गोली मारी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर मामले में जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक वारदात के वक्त दफ्तर में कुलविंदर सिंह का दोस्त भी था, लेकिन वह अलग कमरे में था। मृतक फाइनेंसर के पिता सुखदेव सिंह ने बताया कि करीब तीन साल पहले उनके लड़के ने फाइनेंस का काम किया था। चारों लोगों से कुलविंदर सिंह ने तीन करोड़ रुपये लेने थे। यह व्यक्ति थोड़े समय के लिए उसके लड़के से पैसे कह कर ले गए थे, लेकिन बाद में वापस नहीं किए। जिस कारण कुलविंदर सिंह परेशान रहता था।