साइड न देने से गुस्साए कार सवारों ने पटियाला-राजपुरा रोड पर पीआरटीसी बस के चालक पर गोलियां चला दीं। गंभीर जख्मी हालत में चालक को सरकारी राजिंदरा अस्पताल दाखिल कराया गया है। उधर खबर लिखे जाने तक पुलिस मामले की जांच कर रही थी।
बहादुरगढ़ चौकी पुलिस के मुताबिक मोहाली डिपो की पीआरटीसी बस राजपुरा से पटियाला की तरफ आ रही थी। गांव चमार हेड़ी के पास पीछे से आ रही एक सफेद रंग की स्विफ्ट कार ने पीआरटीसी बस से आगे निकलने की कोशिश की। साइड न देने से गुस्साए कार सवार दो नौजवानों ने कुछ देर बाद बस के आगे कार लगाकर इसे रोक लिया। बस ड्राइवर व कार में सवार दोनों नौजवानों के बीच बहसबाजी हुई और इसी बीच कार सवारों में से एक ने माउजर के साथ दो गोलियां चला दीं। जो बस ड्राइवर के दाईं जांघ में जा लगीं।
वारदात के बाद कार सवार मौके से फरार हो गए। गोलियां चलते ही बस में सवार यात्रियों में भगदड़ मच गई और सवारियां बस से नीचे उतर गईं। बस के कंडक्टर ने किसी वाहन की मदद से जख्मी ड्राइवर को सरकारी राजिंदरा अस्पताल में दाखिल कराया। घायल बस ड्राइवर की पहचान हरप्रीत सिंह और कंडक्टर की पहचान विनोद कुमार निवासी पटियाला के तौर पर हुई है। खबर लिखे जाने तक पुलिस मामले की जांच कर रही थी और आरोपियों का फिलहाल कोई सुराग नहीं लग पाया था।