शहर के साथ लगते गांव कोटला निहंग में स्थित अपना होटल के कमरे में शनिवार को मृत मिले युवक के मामले में थाना सिंघ भगवंतपुरा पुलिस ने उसकी प्रेमिका के खिलाफ कत्ल का मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस आरोपी प्रेमिका की तलाश में छापामारी कर रही है। वहीं युवक की मौत की वजह का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस मौत की वजह जानने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
थाना सिंघ भगवंतपुरा के एसएचओ धर्मपाल ने बताया कि मृतक गुरप्रीत सिंह के चाचा जगपाल सिंह के बयानों के आधार पर महिला भिंदर कौर वासी गांव दुलमा कुराली के खिलाफ कत्ल का मामला दर्ज किया गया है। भिंदर कौर की तलाश में छापामारी की जा रही है।
एसएचओ ने बताया मृतक के चाचा जगपाल सिंह निवासी गांव राणों जिला लुधियाना ने बताया कि मृतक गुरप्रीत सिंह सिलाई मशीन का प्लास्टिक का पार्ट्स बनाने का काम करता था। उसकी शादी करीब दो माह पहले अमनदीप निवासी लुधियाना के साथ हुई थी।
शनिवार की दोपहर गुरप्रीतन घर से यह कह कर चला गया था कि वह किसी की शादी में जा रहा है। वह देर रात तक घर में नहीं लौटा उसकी उसके मोबाइल पर फोन किया गया। फोन नहीं लगा।
दोपहर बाद उन्हें सिंह भगवंतपुरा के थाने से फोन आने पर गुरप्रीत का शव होटल के कमरे से मिलने की जानकारी हुई। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि गुरप्रीत सिंह के भिंदर कौर के साथ शादी से पहले संबंध थे। भिंदर कौर ने गुरप्रीत सिंह को शादी के लिए कई बार मजबूर किया था।
शादी के बाद भिंदर कौर ने गुरप्रीत से मिलने की कोशिश की और किसी तरह से उसे फोन करके मिलने के लिए बुलाया था । उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि भिंदर कौर इसी रंजिश में गुरप्रीत का कत्ल किया है।
उधर, गुरप्रीत के शव का पोस्टमार्टम सिविल अस्पताल के डॉ. महेश गोयल, डॉ. गुरविंदर कौर, डॉ. सुखविंदर सिंह ने किया। मौत के कारणों का अभी कुछ पता नहीं चल सका है।
विसरा सैंपल लेकर जांच के लिए पटियाला और खरड़ भेजे गए हैं। वहां से रिपोर्ट आने पर गुरप्रीत के मौत के कारण का खुलासा हो सकेगा।