पड़ोसी ने पिता-पुत्र को गोली मारी, भर्ती
पुलिस ने आरोपी खिलाफ केस दर्ज करके गिरफ्तार किया
अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला। थाना त्रिपड़ी के अधीन पड़ते गांव झिल में मामूली बात को लेकर पड़ोसी ने एक युवक व उसके पिता को गोली मार दी। दोनों को अस्पताल में दाखिल कराया गयाहै। पुलिस ने आरोपी खिलाफ हत्या की कोशिश और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज करके उसे गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस को दिए गए बयान में सुखविंदर सिंह (29) ने बताया वह गांव झिल के बस स्टैंड के पास मुख्तियार सिंह के घर किराए पर रहता है। उनके सामने आरोपी भगवान सिंह भी किराए पर रहता है और मोटरसाइकिलों के शोरूम में सिक्योरिटी गार्ड का काम करता है। बीती 9 अक्तूबर को मामूली सी बात को लेकर उसका भगवान सिंह विवाद हो गया था। इस दौरान आरोपी भगवान सिंह ने उसे पीटा और उसके भाई के थप्पड़ मारा था। बाद में दोनों पक्षों में राजीनामा भी हो गया। इसी बीच देर शाम करीब सात बजे आरोपी की सुखविंदर सिंह के पिता रघबीर सिंह से हाथापाई हो गई। रघबीर सिंह ने आरोपी से कहा कि वह उनके पीछे उसके लड़कों के साथ लड़ाई क्यों करता है और मारपीट क्यों करता है। इससे गुस्सा होकर आरोपी भगवान सिंह ने अपनी पिस्टल से दो फायर कर दिए। एक फायर शिकायतकर्ता सुखविंदर सिंह की जांघ में लगा और दूसरे उसके पिता रघबीर सिंह की छाती के पास लगा। दोनों को अस्पताल दाखिल कराया गया। पुलिस ने आरोपी भगवान सिंह के खिलाफ केस दर्ज करके उसे गिरफ्तार कर लिया है।