बस की टक्कर से दो दोस्तों की मौत
आरोपी बस चालक मौके से फरार, पुलिस ने दर्ज किया केस
अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला। थाना पसियाना के अधीन पड़ते गांव महिमदपुर के बस अड्डे के नजदीक पीआरटीसी की बस और मोटरसाइकिल में टक्कर हो गई। इस हादसे में मोटरसाइकिल सवार दो दोस्तों की मौत हो गई। पुलिस ने मबस के चालक के खिलाफ कई धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दिए गए बयान में हरी सिंह निवासी गांव दाबा थाना गुहला जिला कैथल हरियाणा ने बताया कि उसका दामाद निर्मल सिंह (26) मोटरसाइकिल पर अपने दोस्त मक्खन सिंह के साथ जा रहा था। गांव महिमदपुर के बस अड्डे के पास उनके मोटरसाइकिल को पीआरटीसी की बस ने टक्कर मार दी। इस हादसे में मोटरसाइकिल सवार दोनों युवक घायल हो गए और बाद में उनकी मौत हो गई। उधर घटना के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। उसकी पहचान कुलविंदर सिंह निवासी देहला थाना मूनक जिला संगरूर के तौर पर हुई है। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। अभी उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पुलिस उसकी तलाश में छापामारी कर रही है।