ब्रांडेड कंपनी का नकली सामान बेचने वालों पर केस दर्ज
लक्की इलेक्ट्रॉनिक्स, चोपड़ा मोबाईल, सागर टेलीकॉम पर बिक रहा था सामान
अमर उजाला ब्यूरो
राजपुरा। साइकिल मार्केट में स्थित लक्की इलेक्ट्रॉनिक्स, चोपड़ा मोबाइल केयर, सागर टेलीकॉम के मालिकों की ओर से पिछले लंबे समय से एक ब्रांडेड कंपनी के नाम पर मोबाइल में प्रयोग होने वाली नकली एसेसरी ग्राहकों को बेची जा रही थी। कंपनी के फील्ड अफसर चंडीगढ़ निवासी चंद्रशेखर को इसकी शिकायत मिलने पर पुलिस के सहयोग से छापामारी की तो वहां से लाखों की नकली एसेसरी पुलिस ने बरामद कर तीनों मालिकों पर केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
एक कंपनी के फील्ड अफसर चंद्रशेखर को सूचना मिली थी कि राजपुरा की साइकिल मार्केट में लक्की इलेक्ट्रॉनिक्स, चोपड़ा मोबाइल केयर, सागर टेलीकॉम की दुकान पर एप्पल कंपनी के नाम से रोजाना लाखों की एसेसरी बेची जा रही है, चंद्रशेखर ने पुलिस को साथ लेकर छापेमारी की तो नकली कंपनी की करीब सात लाख की एसेसरी बरामद हुई। इनके मालिकों से जब बरामद सामान का बिल मांगा तो वह कुछ भी पेश नहीं कर पाए। सिटी पुलिस ने कंपनी के अधिकारी चंद्रशेखर की शिकायत पर लक्की इलेक्ट्रॉनिक्स के मालिक लक्की, चोपड़ा मोबाइल केयर राजपुरा के मालिक जगदीश चोपड़ा, सागर टेलीकॉम के मालिक दीपक कुमार के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है
इस बारे में थाना प्रभारी गुरचरण सिंह का कहना है कि पकड़े गए सामान की सारी रिपोर्ट बनाकर डीए आफिस भेज दी गई थी, जिसमें नकली सामान की पुष्टी होने के बाद ही तीनों पर केस दर्ज किया गया है।