मां ने 10 साल के बेटे को भाखड़ा नहर में दिया धक्का
मौके पर मौजूद गोताखोरों ने तुरंत बाहर निकाला, सुरक्षित
अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला। जिले में मंगलवार को एक मां ने अपने 10 साल के बेटे को भाखड़ा नहर में धक्का दे दिया। नहर के पास मौजूद गोताखोरों ने यह सब देख लिया। उन्होंने तुरंत नहर में कूद कर करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बताया जा रहा है कि मां मानसिक तौर पर परेशान है और उसका इलाज चल रहा है। फिलहाल मामला दर्ज नहीं किया गया है।
डीएसपी सिटी वन योगेश कुमार ने बताया कि मंगलवार सुबह गोताखोरों की टीम नाभा रोड पर भाखड़ा नहर के पास मौजूद थी। इसी दौरान गोताखोरों ने देखा कि महिला शम्मी शर्मा आटो से उतरी और अपने साथ आए बच्चे हैरी को नहर में धक्का दे दिया। यह देखते ही गोताखोरों की टीम हरकत में आ गई और तुरंत नहर में कूद गए। करीब आधे घंटे की मेहनत के बाद बच्चे को बाहर निकाल लिया गया। पुलिस के मुताबिक उक्त महिला पटियाला के गांव ककराला की रहने वाली है और मानसिक तौर पर बीमार है। उसका पटियाला में इलाज चल रहा था। वह बच्चे के साथ दवा लेने आई थी।