विजिलेंस ने सन्नौर एएफएसओ को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा
राशन डिपो की अलाटमेंट के लिए 20 हजार रुपये रिश्वत मांगी थी
आरोपी अधिकारी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला। विजिलेंस ब्यूरो पटियाला ने वीरवार को सन्नौर के असिस्टेंट फूड सप्लाई आफिसर जीवन कुमार को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। आरोपी अधिकारी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
विजिलेंस ब्यूरो को गांव भानरी के रहने वाले जगविंदर सिंह ने शिकायत दी थी कि उसने राशन का डिपो खोलने के लिए फूड एंड सिविल सप्लाई विभाग में अप्लाई किया था। विभाग की सारी जरूरी शर्तें भी उसने पूरी कर दी थी। बावजूद इसके उसको लाइसेंस देने के लिए सन्नौर के आरोपी असिस्टेंट फूड सप्लाई अधिकारी जीवन कुमार ने 25 हजार रुपये रिश्वत के तौर पर मांगे। आरोपी अधिकारी ने कहा कि अगर वह उसे पैसे देगा तो ही डिपो की अलॉटमेंट उसे की जाएगी। बाद में सौदा 20 हजार रुपये में तय हो गया। जगविंदर सिंह ने उक्त अधिकारी द्वारा उससे रिश्वत मांगे जाने की शिकायत विजिलेंस ब्यूरो को दे दी। वीरवार को विजिलेंस ब्यूरो की टीम ने ट्रैप लगाकर सरकारी गवाह अभिषेक जूनियर टेक्नीशियन, भारत भूषण खेतीबाड़ी अफसर राजपुरा के सामने उक्त अधिकारी जीवन कुमार को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। मौके पर विजिलेंस टीम में इंस्पेक्टर प्रितपाल सिंह, एएसआई पवित्र सिंह, कुंदन सिंह, विजय शारदा, शाम लाल, हरमीत सिंह, कारज सिंह और सुखविंदर सिंह मौजूद थे।