विदेश भेजने का झांसा देकर दो भाइयों से लाखों ठगे
दोनों के पासपोर्ट भी वापस नहीं किए, आरोपी के खिलाफ केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला। विदेश भेजने का झांसा देकर पटियाला के रहने वाले एक व्यक्ति की ओर से संगरूर निवासी दो भाइयों के साथ लाखों की धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने पीड़ित के बयान के आधार पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। अभी उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
हरिंदरजीत सिंह निवासी गांव मुंशीवाला थाना भवानीगढ़ जिला संगरूर ने पटियाला के थाना सिविल लाइन में दी शिकायत में बताया कि वह विदेश जाना चाहते थे। इसी दौरान वह आरोपी विक्रम ठाकुर निवासी ऋषि कालोनी पटियाला के संपर्क में आए। आरोपी ने उन्हें 15 लाख रुपये देने पर विदेश भिजवाने का झांसा दिया। सौदे की तय रकम शिकायतकर्ता ने आरोपी को दे दी। आरोपी ने दोनों भाइयों के पासपोर्ट भी ले लिए। बाद में आरोपी ने दोनों भाइयों को विदेश नहीं भिजवाया। वापस मांगने पर पैसे भी नहीं दिए। दोनों भाइयों के पासपोर्ट भी वापस नहीं किए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच के बाद आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया अभी उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
नौकरी का झांसा देकर ढाई लाख की धोखाधड़ी
पटियाला। एक युवक को नौकरी दिलाने का झांसा देकर दो व्यक्तियों की ओर से 2.55 लाख की ठगी करने का मामला सामने आया है। थाना कोतवाली पुलिस ने जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। अभी वह पुलिस की पकड़ से बाहर है।
चंद्रशेखर निवासी सरहदी बाजार पटियाला ने पुलिस को शिकायत दी है कि वह अपने बेटे के लिए नौकरी की तलाश में था। इसी दौरान वह आरोपियों अश्वनी निवासी पठानकोट और पंकज के संपर्क में आया। उन्होंने उसे 2.55 लाख रुपये देने पर नौकरी दिलाने का झांसा दिया। बुजुर्ग ने अपने बेटे के लिए सौदे की तय राशि आरोपियों को दे दी। बावजूद इसके आरोपियों ने युवक की नौकरी नहीं लगवाई और मांगने पर पैसे भी वापस नहीं किए।