संदिग्ध हालात में बिक्रम कॉलेज का स्टूडेंट लापता
मैनू माफ कर देना, मैं तुहाडे सपने पूरे नइ कर सकया लिखा नोट छोड़ सरकारी बिक्रम कालेज का बीकाम स्टूडेंट लापता
पुलिस ने तलाश शुरू की
अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला।
सरकारी बिक्रम कालेज का बीकाम स्टूडेंट डायरी में अपने माता-पिता के नाम एक मैसेज छोड़कर लापता हो गया है। इस नोट में स्टूडेंट ने अपने माता-पिता को संबोधित करते हुए लिखा है कि वह उसे माफ कर दें, क्योंकि वह उनके सपने पूरे नहीं कर सका। वह उनसे अब बहुत दूर जा रहा है। डायरी के पास ही अपना मोबाइल भी स्टूडेंट छोड़ गया है। पुलिस फिलहाल स्टूडेंट की तलाश कर रही है।
डीएसपी सिटी वन सौरभ जिंदल ने बताया कि सरकारी बिक्रम कालेज में जिला मानसा के भिखी का रहने वाला 22 साल का नवजीत सिंह बीकाम कर रहा है। वह पटियाला में सरकारी स्टेट कालेज आफ एजूकेशन के हास्टल में रहता है। वीरवार शाम करीब पांच बजे वह हास्टल की मैस में खाना खाने के बाद अपने दोस्तों को कुछ बताए बगैर अचानक बाहर चला गया और फिर वापस नहीं लौटा। सूचना मानसा में पिता अमरीक सिंह तक पहुंची, जो खेतीबाड़ी करते हैं। फिर मामला पुलिस तक गया और आज पुलिस ने जब छात्र के कमरे में उसका सामान देखा, तो मेज पर रखी डायरी में एक नोट मिला है। जिसमें स्टूडेंट ने लिखा है कि वह बहुत दूर जा रहा है। अपने माता-पिता को संबोधित करते हुए लिखा है कि वह उनके सपने पूरे नहीं कर सका, इसके लिए माफी मांगता है।
पुलिस मामले को उक्त स्टूडेंट की किसी लड़की के साथ अफेयर में असफलता के साथ भी जोड़कर देख रही है। फिलहाल लड़के की तलाश की जा रही है।