पटियाला में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक मां ने अपनी मासूम बच्ची को चाकू से गोदकर मार डाला। पुलिस ने बच्ची के पिता के बयान पर उसकी मां के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
वारदात पटियाला के गांव खेड़की की है, जहां एक महिला ने अपनी करीब डेढ़ साल की बेटी के पेट में चाकू घोंपकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने मां के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
2023 में हुई थी शादी
राम नगर पुलिस पोस्ट इंचार्ज और केस के जांच अधिकारी पवित्र सिंह ने बताया कि मृतका बच्ची परनीत कौर के पिता हरप्रीत सिंह निवासी गांव खेड़की के बयान के मुताबिक, उसकी शादी लवप्रीत कौर निवासी गांव बड़वा, थानेसर, जिला कुरुक्षेत्र (हरियाणा) से 2023 में हुई थी। इस शादी से उसकी करीब 21 महीने की एक बेटी है।
चंडीगढ़ पीजीआई से लाए थे दवा
हरप्रीत ने बताया कि उसकी पत्नी डिप्रेशन में रहती थी। उसकी दवा पटियाला से चल रही थी, लेकिन ससुराल वालों ने पिछले दिनों उसकी दवा पीजीआई चंडीगढ़ से ली थी। इसके बाद साला खुशप्रीत सिंह उसकी पत्नी और बेटी को छोड़ने आया था और रात में उनके पास ही रुका था।
खेतों से लाैटा तो मिली खून से लथपथ बेटी
सुबह जब वह खेतों से घर लौटा तो देखा कि उसके पिता मान सिंह आंगन में जोर-जोर से चिल्ला रहे थे। जब वह कमरे में गया तो देखा कि बेटी खून से लथपथ जमीन पर पड़ी थी। उसे पटियाला के राजिंदरा हॉस्पिटल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पिता के बयान के आधार पर पुलिस ने लवप्रीत कौर के खिलाफ केस दर्ज करके उसे गिरफ्तार कर लिया। पोस्टमॉर्टम के बाद बॉडी परिवार को सौंप दी गई।