लापता विद्यार्थी का शव नहर से मिला
राजपुर।
राजपुरा-चंडीगढ़ रोड के नजदीक बने कालेज का 29 अगस्त को लापता हुए छात्र का शव राजपुरा-पटियाला रोड से गुजरती भाखड़ा-नरवाणा ब्रांच नहर से मिला पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मृतक के पिता अनिल कुमार के बयानों पर कालेज के रजिस्ट्रार व कैंटीन मालिक के खिलाफ केस दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुराना राजपुरा निवासी गगनदीप सिंह पुत्र अनिल कुमार राजपुरा के नजदीक प्राइवेट कालेज में पढ़ता था। पिता अनिल कुमार, भाई विशाल व अन्य छात्र हरदीप सिंह ने बताया कि कालेज में पढ़ने वाले युवकों में से जिनका फीस आदि का कोई झगड़ा होता है कालेज प्रबंधक उसकी शिकायत पुलिस से कर उसे प्रताड़ित करवाते हैं। इसके चलते कुछ युवक कालेज छोड़ चुके हैं। प्रताड़ना से परेशान होकर गगनदीप सिंह ने आत्महत्या कर ली। उन्होंने गगनदीप की मौत का जिम्मेवार कालेज प्रबंधकों को बताया है। दूसरी ओर कालेज की रजिस्ट्रार सुखअमन बाठ ने मौत की वजह कैंटीन के मालिक के साथ गगनदीप व अन्य दोस्तों का झगड़ा होना बताया है। जनसूआ पुलिस चौकी प्रभारी जोगिंद्र सिंह ने बताया कि मृतक गगनदीप के पिता अनिल कुमार की शिकायत पर कालेज के रजिस्ट्रार बीएस सिद्धू व कैंटीन मालिक हरदीप सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है