खुद को आग लगाने वाले युवक ने दम तोड़ा
कांग्रेस के पूर्व विधायक समेत छह के खिलाफ केस दर्ज
स्कूल मालिक के साथ पत्नी के संबंधों से परेशान था युवक
अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला।
पातड़ां में सोमवार शाम खुद को कमरे में बंद करके आग लगाने वाले 32 साल के संदीप कुमार की मंगलवार को चंडीगढ़ के सेक्टर 32 अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस ने मृतक की मां के बयान पर बुढलाडा के पूर्व कांग्रेसी विधायक मंगत राय बंसल समेत युवक की पत्नी, साले, उसके दोस्त, पातड़ां में एक स्कूल के मालिक और उसकी पत्नी के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप में केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
जांच अधिकारी पातड़ां थाने के इंचार्ज अमनपाल सिंह विर्क ने बताया कि मृतक संदीप कुमार की मां कांता रानी के बयान के मुताबिक संदीप की पत्नी मलीना जिस निजी स्कूल में नौकरी करती थी, वहां के मालिक राकेश कुमार के साथ उसके संबंध थे। पता लगने पर संदीप ने 14 सितंबर को स्कूल जाकर राकेश कुमार से विरोध जताया, लेकिन राकेश ने संदीप को पीटा। बाद में उसी के खिलाफ थाने में शिकायत भी दे दी। वहीं मलीना घर आने के बजाय स्कूल से सीधे अपने मायके बठिंडा चली गई। जब संदीप वहां गया, तो वहां उसके साले मोहित कुमार और उसके दोस्त कुलदीप ने संदीप की पिटाई की और फिर बठिंडा थाने में संदीप के खिलाफ पर्चा दर्ज करा दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि संदीप ने उनके घर आकर मारपीट की और गाली-गलौच किया। 18 सितंबर को संदीप के दो जीजा ने बठिंडा पहुंच कर उसकी जमानत कराई और फिर उसे संगरूर अस्पताल में दाखिल कराया। जहां से वह सोमवार को ही घर आया था।
थाना इंचार्ज अमनपाल सिंह विर्क के मुताबिक स्कूल के मालिक राकेश कुमार के भेजे लोगों ने संदीप के घर की दीवार फांद कर अंदर घुसने की कोशिश की, जिससे डर कर संदीप ने सोमवार शाम को खुद को कमरे में बंद करके तेल डाल कर आग लगा ली। मंगलवार को संदीप की चंडीगढ़ अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने कांग्रेस के पूूर्व विधायक मंगत राय बंसल समेत मृतक युवक की पत्नी, साले, साले के दोस्त, स्कूल के मालिक और मालिक की पत्नी वीना रानी के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, पूर्व विधायक स्कूल मालिक राकेश कुमार का रिश्तेदार है। राकेश कुमार पूर्व विधायक का नाम लेकर ही संदीप को डराता-धमकाता था। फिलहाल इस मामले में किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। वहीं मृतक के परिजनों का कहना है कि जब तक आरोपी पकड़े नहीं जाएंगे, तब तक वह संदीप का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे।