वादी अस्पताल की मालिक महिला डॉक्टर और पति गिरफ्तार
बहादुरगढ़ अस्पताल से भ्रूण मिलने का मामला
सेहत विभाग की रेड में अस्पताल और डाक्टर के घर से मिली थीं प्रतिबंधित दवाएं
अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला। बहादुरगढ़ स्थित प्राइवेट अस्पताल वादी की मालिक आरोपी महिला डाक्टर कर्मजीत कौर और उसके पति मनप्रीत सिंह के खिलाफ पटियाला सदर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। यह पर्चा गांव कौली स्थित प्राइमरी हेल्थ सेंटर की एसएमओ डा. किरन शर्मा के बयान पर दर्ज किया गया था।
सिविल सर्जन दफ्तर कैथल (हरियाणा) को गुप्त सूचना मिली थी कि बहादुरगढ़ के वादी अस्पताल में गैरकानूनी ढंग से गर्भवती महिलाओं का लिंग निर्धारण टेस्ट करके गर्भपात किए जाते हैं। कैथल सीएमओ ने पटियाला सीएमओ दफ्तर से संपर्क किया। दोनों ने सांझी कार्रवाई में एक फर्जी महिला को लिंग निर्धारण टेस्ट कराने के लिए अस्पताल भेजा। यहां उक्त आरोपी महिला डाक्टर कर्मजीत कौर ने सेहत विभाग की ओर से भेजी महिला से 15 हजार की मोटी फीस जमा करा ली। कुछ घंटे उसे इंतजार कराया गया और फिर उसे अपने पटियाला के अर्बन इस्टेट स्थित घर ले गई। जहां पर बाद में सेहत विभाग की टीम ने रेड करके मौके से आरोपी डाक्टर को उस महिला का अल्ट्रासाउंड करते पकड़ लिया। मौके से टीम ने फीटल डोप्लर व लैपटॉप कब्जे में लिया। इसके बाद अस्पताल की रेड में टीम ने एक चार महीने की बच्ची का भ्रूण, पाबंदीशुदा दवाएं, लिंग निर्धारण करने वाली मशीनें, गर्भपात में इस्तेमाल होने वाला मेडिकल साजोसामान बरामद किया था।