राजपुरा। फोकल प्वाइंट की तीन कालोनियों में अभी भी दूषित पानी की सप्लाई की जा रही है। खास बात यह है कि एक माह पहले दूषित पानी पीने से करीब 200 लोग डायरिया की चपेट में आ गए थे। तब सेहत विभाग ने कैंप लगाकर मरीजों का इलाज किया था। वहीं कुछ मरीजों के सैंपल जांच के लिए चंडीगढ़ भी भेजे गए थे। साथ ही पानी के दो बार सैंपल लिए गए थे और दोनों बार फेल हो गए।
फोकल प्वाइंट, स्टार इन्क्लेव, नारनोल कालोनी निवासी कर्मजीत सिंह गांधी, तजिंदर सिंह, गुरजीत सिंह, परमजीत सिंह पाल, अमनदीप सिंह, सुखदेव सिंह और रमेश कुमार ने बताया कि पानी गंदा आने का मुख्य कारण पुरानी पाइप लाइन है। इसे काफी समय से बदला नहीं गया है। जब तक पानी व सीवरेज की पाइप लाइन नहीं बदली जाएगी पानी से बदबू आती रहेगी।
वहीं, सीवरेज बोर्ड स्वच्छ पानी की आपूर्ति होने का दावा कर अपना पल्ला झाड़ रहा है। जबकि सच यह है कि लोग पानी खरीदकर पी रहे हैं। नवनिर्वाचित पार्षद बीबी जतिंदर कौर वड़ैच ने कहा कि नगर काउंसिल कार्य शुरू होते ही सबसे पहले स्वच्छ पानी की समस्या को हल करवाऊंगी।
वाटर व सीवरेज बोर्ड के एसडीओ करनवीर सिंह ने बताया कि जहां लीकेज थी पानी व सीवरेज की पाइपों को अलग कर जोड़ दिया गया है और स्वच्छ पानी की आपूर्ति शुरू करवा दी गई है। अगर अब भी पानी में बदबू आ रही है तो इसकी दोबारा से जांच करवाई जाएगी।