पटियाला। पटियाला से चीका हाईवे पर गांव मजाल के नजदीक एक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। चौकी इंचार्ज बलबेड़ा गुरप्रीत कौर ने बताया कि कस्बा बलबेड़ा के नजदीक पड़ते गांव दुलबा का रहने वाला फौजी संदीप सिंह (21) छुट्टी पर घर आया था। मंगलवार को वह दोस्तों लखवीर सिंह (21), जसवीर सिंह (22) और सुलखन सिंह (24) के साथ आई-20 गाड़ी में सवार होकर गांव से पटियाला शहर को शापिंग करने गया था।
अभी वह गांव से करीब आठ किलोमीटर की दूरी पर पहुंचा था कि इसी बीच मुख्य मार्ग पर गांव मजाल के पास चालक ने गाड़ी से अपना संतुलन खो दिया। जिसके बाद तेज रफ्तार कार पेड़ों के साथ टकरा कर बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। इस मौके पर इकट्ठा लोगों की मदद से इन युवकों को बड़ी मुश्किल के साथ लोहा काट कर बाहर निकाला गया।
इसके तुरंत बाद घायलों को पटियाला के एक निजी अस्पताल ले जाया गया। लेकिन वहां डाक्टरों ने संदीप सिंह, जसवीर सिंह, लखवीर सिंह को मृत घोषित कर दिया। जबकि सुलखन सिंह की हालत फिलहाल गंभीर बताई जा रही है। इस हादसे के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस की ओर से मामले में फिलहाल जांच की जा रही है।