समाना-चीका रोड पर भाखड़ा नहर में रविवार शाम दो सगे भाई बह गए। दरअसल बड़े भाई ने मानसिक परेशानी के चलते भाखड़ा नहर में छलांग मारी और उसे बचाने के लिए छोटे भाई कूद पड़ा। खबर लिखे जाने तक पुलिस की ओर से गोताखोरों की मदद से दोनों भाइयों की तलाश की जा रही थी। दोनों मूल रूप से यूपी के रहने वाले थे।
सिटी समाना थाना इंचार्ज बलविंदर कौर ने बताया कि मूल रूप से यूपी के जिला गोंडा का रहने वाला रविंदर कुमार (28) पुत्र जोगिंदर नारायण पाठक 15 साल से समाना में ही अपने परिवार के साथ रहता था और फल बेचने का काम कर रहा था। उसका छोटा भाई गोबिंद पाठक (18) भी समाना में ही किसी दुकान पर नौकरी करता था। रविंदर कुमार के चाचा गुरशरण पाठक और रविंदर की पत्नी रेणु की ओर से दिए बयान के मुताबिक रविंदर कुमार एक सप्ताह से बीमार था। इस कारण वह काफी मानसिक परेशान था।
इसी हालत में रविवार शाम वह घर से बिना किसी को बताए निकल गया। ढूंढने के लिए पीछे उसका छोटा भाई गोबिंद पाठक भी चला गया। समाना-चीका रोड पर भाखड़ा नहर के पुल से देखते ही देखते रविंदर कुमार ने नहर में छलांग लगा दी। उसे बचाने के लिए छोटा भाई भी नहर में कूद पड़ा। देखते ही देखते दोनों भाई नहर के पानी के तेज बहाव में बह गए। खबर लिखे जाने तक दोनों भाइयों की तलाश जारी थी। रविंदर कुमार के दो छोटे बच्चे भी हैं।