नाभा में महिला को अगवा कर उस पर एसिड फेंकने के मामले में पुलिस ने पीड़िता के देवर समेत चार लोगों के खिलाफ अपहरण, हत्या का प्रयास और साजिश रचने सरीखे आरोपों में केस दर्ज कर लिया है। हालांकि मामले में मंगलवार देर शाम तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी।
नाभा में सोमवार शाम कार सवार कुछ लोगों ने एक महिला को अगवा कर उस पर तेजाब फेंक दिया था। हमलावरों ने महिला पर चाकू से भी हमला किया था। बाद में आरोपी महिला को रोहटी पुल के नजदीक रेस्ट हाउस के पास छोड़ कर फरार हो गए थे।
मामले में थाना बख्शीवाला पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर देवर विकास धीर व उसके दो दोस्तों सांबर और काका तथा कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। एएसआई अमरीक सिंह के मुताबिक पीड़िता नाभा निवासी मंजू धीर (33) पति से तलाक के बाद तीन महीने से बच्चों संग अलग रह रही थी।
उसका ससुरालियों के साथ प्रापर्टी को लेकर विवाद चल रहा था। महिला का आरोप है कि इसी रंजिशन को लेकर देवर विकास धीर व उसके दो दोस्त सांबर व काका उसका अपहरण कर कार से उसे नाभा के मैहस गेट के पास ले गए। इसी दौरान उन्होंने चाकू और तेजाब से उस पर हमला किया।