आम आदमी पार्टी के पंजाब कनवीनर सुच्चा सिंह छोटेपुर ने रविवार को मंडी गोबिंदगढ़ का दौरा किया और मॉडल टाउन इलाके स्थित रॉयल स्टील मिल्स में उद्योगपतियों के साथ बैठक की। सुच्चा सिंह छोटेपुर ने कहा कि पंजाब में आम आदमी की सरकार बनने पर जहां बंद पड़े उद्योगों को पुनर्जीवित कर विशेष रियायत दी जाएगी वहीं उद्योगपतियों को मंत्रिमंडल में शामिल करके महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां भी सौंपी जाएंगी। छोटेपुर ने कहा कि नौ साल के शासनकाल में अकाली भाजपा गठबंधन ने जो दुर्दशा पंजाब की की है उससे राज्य का उद्योग बर्बाद हो गया है।
इंडस्ट्री के मौजूदा हालातों के मद्देनजर पार्टी के घोषणा पत्र में भी उद्योगों की हालत को तरजीह दी जाएगी। पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने पर भ्रष्टाचार पर लगाम लगाना पहली प्राथमिकता होगी। टिकटों के बंटवारे के सवाल पर छोटेपुर ने कहा कि जून 2016 तक सभी उम्मीदवारों का एलान कर दिया जाएगा और चरित्रहीन, आपराधिक और भ्रष्टाचार व्यक्ति को किसी भी कीमत पर टिकट नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अगर उनकी पार्टी को 2017 के विधानसभा चुनावों में बहुमत नहीं मिला तो वह सरकार नहीं बनाएंगे और विपक्ष में बैठना पसंद करेंगे। उन्होंने कहा कि जिस देश का राजा व्यापारी होता है, वहां की जनता भिखारी बन जाती है। बादल राजनेता नहीं व्यापारी है।
उन्होंने पंडित जवाहर लाल नेहरू, सरदार प्रकाश सिंह बादल और कैप्टन अमरिंदर सिंह पर परिवारवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाते कहा कि इन नेताओं ने अपने परिवार के सदस्य को टिकटें देकर राजनीति में लाया। उन्होंने कहा कि इन्हीं कारणों से देश उन्नति नहीं कर सका और भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच गया है। युवा उद्योगपति जतिन सूद, स्माल स्केल स्टील री-रोलर्ज एसोसिएशन के अध्यक्ष राजीव सूद, उपाध्यक्ष राजन गर्ग, कैशियर प्रदीप भल्ला, राज जिंदल, कमल सिंगला, संजीव सूद, लालचंद गर्ग, अनूप सूद, मनोज गर्ग, त्रिलोचन सिंह लाली, विरेन्द्र खारा जोनल इंचार्ज, रंजीत कौर जोनल इंचार्ज वुमन सैल, एल के चीमा मोहाली, दीपक सूद, साहिल, प्रेमनाथ कक्कड़, एचएस चीमा जोनल इंचार्ज जालंधर, सतिंदर सिंह मल्कपुर ने छोटेपुर को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।