पंजाब कांग्रेस के प्रधान कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि अरविंद केजरीवाल को यह मालूम नहीं है कि अमृतसर और श्री आनंदपुर साहिब पहले से ही होली सिटी है और इन धार्मिक स्थानों के म्यूनिसिपल क्षेत्र में शराब व मीट आदि की बिक्री नहीं होती। अमरिंदर सिंह हलके विच्च कैप्टन प्रोग्राम के तहत रोपड़ की अनाज मंडी पहुंचे थे।
इस मौके पर उन्हें रोपड़ हलके के लोगों की समस्यायें सुनी ओर कांग्रेस पार्टी की सरकार आने पर हल कराने का भरोसा दिया। पत्रकारों से बात करते हुए कैप्टन ने कहा कि आम आदमी पार्टी के नेताओं की ओर से पंजाब में महिलाओं के किये शोषण की जांच होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि फिरोजपुर में जिस महिला ने यह मामला उठाया है उसकी जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार आने पर चार रुपये प्रति यूनिट बिजली दी जाएगी। उन्होनें पंजाब में बने चौथे फ्रंट आवाज ए पंजाब के बारे में कहा कि तीन विधायकों का फ्रंट नहीं बन सकता।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का किसी के साथ मुकाबला नहीं है। उन्होंने कहा कि जहां पार्टी के मौजूदा विधायक सीट जीतने के लिए असमर्थ है, वहां प्रत्याशी को बदला जाएगा। उन्होंने कहा कि उनके पास 1600 के करीब प्रत्याशियों के आवेदन आ चुके हैं। अक्तूबर तक टिकटों का ऐलान कर दिया जाएगा।
इस दौरान कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि अरविंद केजरीवाल पंजाब में जिस विधान सभा हलके से चुनाव लड़ेगा वह भी उसके मुकाबले उसी हलके से चुनाव लड़ेगे। इस दौरान उन्होंने चुटकी लेते हुए श्री आनंदपुर साहिब से पूर्व विधायक राणा केपी सिंह से कहा कि अगर अरविंद केजरीवाल श्री आनंदपुर साहिब से चुनाव लड़ने के लिए आते है तो यह सीट आपको उन्हें देनी पड़ेगी।
इससे पहले प्रोग्राम में जिला कांग्रेस कमेटी के प्रधान सुखविंदर सिंह विस्की के नेतृत्व में रोपड़ हलके के शहरों और गांवों से वर्करों ने शिरकत की। वर्कर कैप्टन अमरिंदर सिंह और कांग्रेस पार्टी के हक में जोरदार नारेबाजी करते हुए पंडाल में शामिल हुए। जिला कांग्रेस प्रधान ने कैप्टन अमरिंदर सिंह की तरफ से हलके में आ कर लोगों की समस्याएं सुनने के लिए धन्यवाद किया।
इस मौके पर पंजाब कांग्रेस के उपाध्यक्ष और प्रवर्कता राणा कंवरपाल सिंह, पूर्व मंत्री डा. रमेश दत्त शर्मा, पूर्व जिला प्रधान अमरजीत सिंह सैनी, हरभाग सिंह दैसूमाजरा, अमरजीत सिंह भुल्लर, अशवनी शर्मा, जैलदार सतविंदर सिंह चैड़िया, विजय कुमार टिंकू, दर्शन संधू, पोमी सोनी, अशोक कुमार मौजूद रहे।