रोपड़ में विकास कार्यों का नींव पत्थर रखते प्रदेश के शिक्षा मंत्री तथा अकाली दल के प्रवक्ता डॉ. दलजीत सिंह चीमा।
- फोटो : अमर उजाला
प्रदेश के शिक्षा मंत्री तथा अकाली दल के प्रवक्ता डॉ. दलजीत सिंह चीमा ने रविवार को कहा कि आम आदमी पार्टी के कनवीनर अरविंद केजरीवाल की समस्या है कि वह सब कुछ खुद करना चाहते है। इसके चलते उनकी पार्टी के पंजाब के नेता नजरअंदाज किए जा रहे हैं। डॉ. चीमा रोपड़ में विकास कार्यों के नींव पत्थर रखने आए थे। इस दौरान उन्होंने शहर में दो करोड़ से होने वाले कार्यों के नींव पत्थर रखे।
डॉ. चीमा ने पत्रकारों से बात करते कहा कि आम आदमी पार्टी में भ्रष्टाचार केजरीवाल की टीम ही कर रही है और पंजाब में विधानसभा चुनाव की टिकटें केजरीवाल की टीम कई ओर से ही बेची जा रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी के जो हालात बने है और आम आदमी पार्टी के नेताओं ने जो आरोप उन पर लगाये हैं, उसके लिए केजरीवाल पंजाब में आकर लोगों को जवाब दें।
उन्होंने कहा कि आप दो-दो करोड़ रुपये लेकर टिकटें बेच रही है, इसका जवाब पंजाब के लोगों को दे। चीमा ने कहा कि केजरीवाल ने दिल्ली में कोई काम नहीं किया है। दिल्ली नर्क बनती जा रही है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में पांच मंत्रियों समेत 13 आम आदमी पार्टी के विधायकों पर मामले दर्ज हो चुके है और उन पर संगीन आरोप लगे हैं।
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि केजरीवाल पहले दिल्ली में लोगों से माफी मांगे ओर इस के बाद कहीं भी जाएं। अन्य सवाल के जवाब में कहा कि आम आदमी पार्टी के नेताओं की जो बातें खुल कर सामने आ रही हैं, वह शर्मनाक हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब में यह बात जोर से चल रही है कि आम आदमी पार्टी के नेता यहां पर भी गलत काम कर रहे हैं।