पटियाला। डीसी कम जिला चुनाव अधिकारी संदीप हंस ने बताया कि सी विजिल एप लोगों के लिए फायदेमंद साबित हा रही है। इससे आचार संहिता का पालन यकीनी बनाया जा रहा है। इस एप पर मिलने वाली शिकायतों पर 100 मिनट के भीतर कार्रवाई की जाती है। अब तक इस एप पर 175 शिकायतें पहुंचीं, जिनका निपटारा कर दिया गया है।
घन्नौर हलके से अब तक सिर्फ एक ही शिकायत आई है। नाभा में 11, पटियाला शहरी से 29, पटियाला देहाती से 35, राजपुरा से चार, समाना में 19, सन्नौर हलके में 13 और शुतराणा हलके में अब तक कुल 34 शिकायतें सी विजिल एप पर दर्ज हुई हैं। इसके अलावा 24 घंटे में आठ शिकायतें मिली हैं।
डीसी ने बताया कि 1950 हेल्पलाइन पर भी अब तक 604 कॉल प्राप्त हुई हैं। 24 घंटे में 27 लोगों ने संपर्क किया है। इस हेल्पलाइन पर सहायता लेने के साथ-साथ चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन संबंधी शिकायत भी दर्ज करवाई जा सकती है।