पटियाला। पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के निर्देश पर एक्साइज विभाग के गांव अलीपुर अराइयां स्थित सरकारी गोदाम में रखे शराब के स्टाक की 70 फीसदी गिनती पूरी हो गई है। वीरवार को चुनाव आयोग की टीम ने लेबर की मदद से गोदाम में शराब के स्टाक की गिनती कराई। एईटीसी इंद्रजीत नागपाल ने कहा कि अभी गिनती का काम जारी है, जिसके शुक्रवार तक खत्म होने की उम्मीद है। स्टाक की गिनती पूरी होने के बाद पता लग सकेगा कि गोदाम में रखे शराब के बड़े स्टाक के खुर्द-बुर्द होने संबंधी लगे आरोपों में कितनी सच्चाई है।
हाईकोर्ट में याचिका दायर करने वाले शिकायतकर्ता डेजी मोहन के मुताबिक साल 2016 में एक ठेकेदार का लाइसेंस रद्द हुआ था और आबकारी विभाग ने उसके गोदाम से 15 हजार से अधिक शराब की पेटी बरामद करके अपने कब्जे में ली थी। इस स्टाक संबंधी आरटीआई जरिये भी जानकारी मांगी गई, लेकिन विभाग कई महीनों तक लगातार जवाब देने से टालमटोल करता रहा। बाद में सूचना आयुक्त के पास अपील डालने पर 9 महीने बाद विभाग ने जानकारी दी, जो तसल्लीबख्श नहीं थी। डेजी का कहना है कि 15 हजार पेटी से ज्यादा शराब में से विभाग ने केवल 2900 पेटी नष्ट कराई, जबकि 12 हजार 229 पेटी गोदाम में होने की बात कही गई है। डेजी मोहन ने शक जताया है कि शराब का बड़ा स्टाक खुर्द-बुर्द किया गया है। विधानसभा चुनावों में इस स्टाफ का गलत इस्तेमाल होने की आशंका है। बाद में डेजी मोहन ने हाईकोर्ट में अपील डालकर मामले की जांच कराने की मांग की थी, जिस पर सुनवाई करते हुए अब हाईकोर्ट के डबल बैंच ने एक्साइज विभाग के गोदाम में पड़े शराब के स्टाक की गिनती करके रिपोर्ट पेश करने के आदेश दिए हैं। इस आदेश के अनुसार ही पटियाला में एक्साइज विभाग के गोदाम में गिनती का काम शुरू हुआ है।