कहा, पंजाबियों के लिए रहन-सहन का बेहतर माहौल सृजन करना सरकार की प्राथमिकता
अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला। स्थानीय निकाय मंत्री डॉ. इंद्रबीर सिंह निज्जर ने एलान किया है कि सरकार ने पटियाला के विकास प्रोजेक्टों पर लगभग 2.27 करोड़ रुपये खर्च करने का फैसला किया है। इन प्रोजेक्टों में नगर निगम पटियाला की स्वास्थ्य शाखा के लिए सफाई-सेवकों की आउटसोर्सिंग शामिल होगी जिसकी अनुमानित लागत 1.50 करोड़ रुपये है। साथ ही सरकार की ओर से 32.85 लाख से नगर काउंसिल नाभा में गुरुद्वारा अकालगढ़ साहिब से छज्जू भट्ट तक बाहरी बड़े गंदे नाले की सफाई की भी मंजूरी दे दी गई है।
इसके अलावा नाभा शहर के अलग-अलग स्थानों में आंतरिक गंदे नालों की सफाई पर 33.61 लाख की लागत आने की उम्मीद है। सरकार द्वारा पटियाला की लोअर माल रोड पर 10.58 लाख के साथ ट्रैफिक सिग्नल सिस्टम स्थापित किया जाएगा। डॉ. निज्जर ने कहा कि स्थानीय निकाय विभाग ने इन विकास प्रोजेक्टों के लिए पहले ही दफ्तरी प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस संबंधी पंजाब सरकार की वेबसाइट www.eproc.punjab.gov.in पर टेंडर अपलोड कर दिया गया है। यदि टेंडरों के नियमों और शर्तों में किसी भी तरह की संशोधन की जरूरत होगी, तो संशोधित हुई सारी जानकारी उपरोक्त वेबसाइट पर अपलोड की जाएगी।
इन विकास प्रोजेक्टों के साथ पटियाला और नाभा के नागरिकों को रहन-सहन की बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के साथ-साथ स्वच्छता, ट्रैफिक प्रबंधन और समूचे बुनियादी ढांचे के विकास के क्षेत्रों में महत्वपूर्ण सुधार होने की उम्मीद है। उन्होंने विभाग के अधिकारियों को विकास प्रोजेक्टों में पारदर्शिता और गुणवत्ता को सुनिश्चित बनाने की हिदायत दी।