नए कृषि कानूनों के खिलाफ 24 दिन से आंदोलन कर रहे किसानों की शंकाएं दूर करने और उनके सवालों के जवाब देने के लिए शनिवार को जैन सभा में भाजपा जिला अध्यक्ष विकास शर्मा की अगुवाई में केंद्रीय पशुपालन कल्याण मंत्री संजीव बालियान ने किसानों के साथ पहली वर्चुअल बैठक की। इस मीटिंग में 12 से ज्यादा किसान बुलाए गए। इनमें अधिकतर भाजपा से जुड़े हुए थे। इसके बावजूद वह इन किसानों को संतुष्ट नहीं कर पाए।
किसानों की तरफ से पूछ गए चार सवालों के जवाब में संजीव बालियान ने कहा कि केंद्र में भाजपा की सरकार रहने तक एमएसपी और मंडीकरण खत्म नहीं होगा। मंडियां जैसे चल रही हैं, वैसे ही चलती रहेंगी। किसान की जमीन छीनने संबंधी जो भ्रांतियां विरोधी फैला रहे हैं, उनमें कोई दम नहीं है।
किसान जमीन को अपनी मां का दर्जा देते हैं। नए कानूनों से किसान की जमीन को कोई खतरा नहीं है। कुछ लोग भ्रम पैदा कर रहे हैं। किसी किसान को अपना पक्ष कोर्ट तक ले जाने की मनाही नहीं है। उन्होंने कहा कि किसानों के पास सभी विकल्प खुले हैं। किसी पर कोई रोक नहीं है। वहीं आढ़तियों के सुझाव के बारे में उन्होंने कहा कि वह बातचीत कर इसका निवारण करेंगे।