वाईपीएस स्कूल के मुलाजिमों का धरना-प्रदर्शन
स्कूल बरसर के बाउंसरों पर मुलाजिम नेताओं से दुर्व्यवहार का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला।
यादविंदरा पब्लिक स्कूल के चौथा दर्जा मुलाजिमों ने स्कूल गेट के बाहर रोष धरना दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि स्कूल में जब मुलाजिम नेता मांगों के लिए जनरल मीटिंग करने के लिए गए, तो स्कूल बरसर के बाउंसरों ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया और गाली गलौच भी की। इससे गुस्साए मुलाजिमों ने धरना लगा दिया। उन्होंने मांगों के जल्द पूरा न होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।
दर्जा चार मुलाजिमों के नेता दर्शन सिंह लुबाना और मोहन सिंह नेगी ने बताया कि यादविंदरा पब्लिक स्कूल के चौथा दर्जा कर्मचारियों ने डायरेक्टर को अपनी मांगों के लिए ज्ञापन भी दिया। जैस ही स्कूल में छुट्टी हुई और वह लोग जनरल मीटिंग करने स्कूल ग्राउंड में इकट्ठा हुए तो वहां स्कूल बरसर के बाउंसरों ने मुलाजिम नेताओं से दुर्व्यवहार शुरू कर दिया।
इसके बाद गुस्साए मुलाजिमों ने मेन गेट पर पहुंचकर धरना लगा दिया। मुलाजिमों ने बरसर और उसके बाउंसरों के खिलाफ अर्थी फूंक प्रदर्शन करने की चेतावनी दी। इस दौरान स्कूल मुलाजिमों ने तनख्वाह स्केल रिवाइज करने, मुलाजिमों के क्वार्टरों की मरम्मत कराने, ठेके पर काम करते मुलाजिमों को शोषण बंद करने, उन्हें न्यूनतम वेज और छुट्टियां देने की मांग की। मुलाजिमों ने सीएम के भाई मालविंदर सिंह, जो स्कूल का कामकाज देखते हैं, उन्हें इस मामले में निजी दखल देने की अपील की है।