लाखों के विकास कार्यों को सर्वसम्मति से मंजूरी
जिला परिषद पटियाला के जनरल हाउस की बैठक आयोजित
पंचायत समिति राजपुरा का साल 2017-18 का रिवाइज्ड बजट मंजूर
अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला।
जिला परिषद के जनरल हाउस की बैठक चेयरमैन जसपाल सिंह कल्याण की अगुवाई में हुई। इसमें हाउस की ओर से जिले में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा की गई। साथ ही बैठक में पंचायत समिति राजपुरा का 2017-18 का रिवाइज्ड बजट मंजूर किया गया। पंचायत समिति राजपुरा के अधीन आते गांवों में लाखों के होने वाले विभिन्न विकास प्रोजेक्टों को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई।
पंचायत समिति राजपुरा के अधीन आते गांव जंडोली से बठौनियां तक गंदे नाले पर पुल के निर्माण पर 64.68 लाख रुपये, जांसली से नंडियाली तक गंदे नाले पर पुल के निर्माण पर 57.52 लाख, कलौली से मोटे माजरा तक गंदे नाले पर पुल के निर्माण पर 66.68 लाख, लिंक रोड राजपुरा चंडीगढ़ रोड बनूड़ से खेड़ा गज्जू वाया हुलका को 10 से 16 फुट तक चौड़ा करने के लिए 128.07 लाख की मंजूरी दी गई। साथ ही पंचायत समिति राजपुरा की ग्राम पंचायत की सांझी जगहों पर पौधे लगाने, पौधों के साथ ट्री गार्ड सीमेंट/लोहे की ड्रिल का काम करने के लिए 20 लाख की मंजूरी दी गई। इस दौरान चेयरमैन कल्याण ने कहा कि गांवों में चल रहे विकास के कामों में तेजी लाई जाए। गांव के लोगों को केंद्र की ओर से चलाई जा रही स्कीमों का पूरा लाभ दिया जाए।