सरकार और मैनेजमेंट के खिलाफ नारेबाजी
बिजली मुलाजिम बोले, हर मुलाजिम को तरक्की स्केल दिया जाए
अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला।
पीएसईबी इंप्लाइज फेडरेशन की ओर से साथी भगवान सिंह अनखी की 26वीं बरसी मनाई गई। इस मौके पर बिजली मुलाजिमों की लंबित मांगों को लेकर सरकार व मैनेजमेंट खिलाफ नारेबाजी की गई और मांगों को हल करवाने के लिए मुलाजिमों को संघर्ष के लिए तैयार रहने का आह्वान किया गया।
मुलाजिम नेता कर्मचंद भारद्वाज अमरीक सिंह, रछपाल सिंह संधू, बलविंदर सिंह संधू आदि ने पावरकाम व ट्रांसको मैनेजमेंट से मांग की कि पे बैंड में संशोधन किया जाए, 23 सालों का हर मुलाजिम को तरक्की स्केल दिया जाए, पक्के काम के लिए पक्की भरती की जाए। पार्ट टाइम स्वीपरों को पक्का किया जाए, वर्कचार्ज कर्मचारियों को सहायक लाइनमैन बनाया जाए। साथ ही कहा कि ज्वाइंट फोरम के साथ हुए समझौतों को लागू किया जाए और टाल मटोल की नीति छोड़ी जाए।
भुपिंदर सांबर ने केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ और मेहनतकश लोगों पर हो रहे हमलों के खिलाफ लामबंद होने का आह्वान किया। साथ ही किसानों की आत्महत्याएं रोकने व कर्जों का हल निकालने पर जोर दिया। इस मौके पर बिछड़े साथियों को श्रद्धांजलि भेंट की गई। पंजाब सकार की मुलाजिम विरोधी नीतियों के खिलाफ सभी को संघर्ष करने के लिए तैयार रहने को कहा।