पटियाला में पांच जिलों के युवकों के लिए सेना की रैली भर्ती का आयोजन किया जा रहा। यह रैली 19 अगस्त से शुरू होगी जो 31 अगस्त तक चलेगी। आर्मी भर्ती डायरेक्टर कर्नल आरआर चंदेल ने नौजवानों व उनके परिवारों को दलालों से सावधान रहने की अपील की है।
चंदेल ने कहा कि आर्मी में भर्ती बिल्कुल मुफ्त और केवल मेरिट पर पारदर्शी ढंग से की जाती है। उम्मीदवार फौज में भर्ती होने के लिए किसी को किसी किस्म की रिश्वत न दें और दलालों से सावधान रहें। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को भी भर्ती कराने का झांसा देकर रिश्वत की मांग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के लिए कहा है।
उन्होंने बताया कि पटियाला समेत संगरूर, मानसा, बरनाला और फतेहगढ़ साहिब के युवा इस भर्ती रैली में बड़ी संख्या में हिस्सा लेंगे। भर्ती में हिस्सा लेने के इच्छुक नौजवानों के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन वेबसाइट पर 20 जून से शुरू हो चुके हैं जो तीन अगस्त तक जारी रहेंगे।
पटियाला-संगरूर रोड स्थित फ्लाइंग क्लब के सामने मिलिट्री स्टेशन के खुले मैदान में होने वाली इस रैली भर्ती में सिपाही जनरल ड्यूटी, सिपाही तकनीकी, सिपाही तकनीकी (एएमसी), सिपाही क्लर्क, स्टोर कीपर टेक्निकल और सिपाही इनवेंटरी मैनेजमेंट की भरती की जाएगी।
भर्ती डायरेक्टर ने बताया कि पूर्व सैनिकों के आश्रितों समेत राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के लिए नियमों के मुताबिक कद, भार व छाती में छूट होगी। रैली की जगह पर फिजिकल टेस्ट पास करने वालों का मेडिकल होगा। बाद में लिखित टेस्ट भी पास करना पड़ेगा।