पटियाला। मिशन तंदरुस्त पंजाब के तहत लोगों को मिलावट रहित खाद्य पदार्थ मुहैया कराने के लिए सेहत विभाग की ओर से शुक्रवार को सन्नौर स्थित एसी सब्जी मंडी में थोक की दुकानों से फलों के सैंपल भरे गए।
जिला सेहत अफसर डा. सतिंदर सिंह ने बताया कि उनकी टीम जिसमें डिप्टी डायरेक्टर बागवानी सवरन सिंह मान, बागवानी विकास अधिकारी कुलविंदर सिंह और फूड सेफ्टी अफसर पुनीत शर्मा शामिल थे। उन्होंने सन्नौर रोड स्थित सब्जी मंडी में थोक की दुकानों से आम, केले और लीची के सैंपल भरे। बताया कि उनको शिकायत मिली थी कि दुकानदारों की ओर से आमों को कैल्शियम कारबाइड के साथ पकाकर बेचा जा रहा है जो सेहत के लिए हानिकारक है। सरकार की ओर से फलों को कैल्शियम कारबाइड के साथ पकाकर बेचने पर पूरी तरह से पाबंदी लगाई गई है। फलों को केवल इथाईलीन गैस से ही पकाकर बेचना चाहिए। सैंपलों को जांच के लिए लैब भेजा जाएगा। जांच में सैंपल फेल पाए गए तो संबंधित स्टोर मालिक के खिलाफ बनती कार्रवाई की जाएगी।