अध्यापकों को रिइंप्लाइड करने पर फिलहाल फैसला नहीं
पीयू में हुई अनियमितताओं की सीलबंद जांच रिपोर्टें पेश
वीसी ने जल्द अगली कार्रवाई का भरोसा दिलाया
पीयू में करीब दो साल बाद सिंडीकेट की बैठक आयोजित
अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला। पंजाबी यूनिवर्सिटी की सिंडीकेट की बैठक शनिवार को वाइस चांसलर डा. बीएस घुम्मन की अगुवाई में आयोजित की गई। बैठक में यूनिवर्सिटी में पिछले कुछ सालों में हुई विभिन्न अनियमितताओं में की गई जांच के बाद तैयार रिपोर्टों को पेश किया गया, जिन पर वीसी ने अगली कार्रवाई करने की बात कही। उम्मीद थी कि बैठक में अध्यापकों की पुर्ननियुक्ति के बारे में यूनिवर्सिटी प्रशासन कोई फैसला लेगी। लेकिन ऐसा नहीं हुआ, वीसी ने इस मुद्दे को जनवरी में होने वाली अगली बैठक तक पेंडिंग रख दिया। बैठक में पिछले लंबे समय से मंजूरी की इंतजार में पड़ी भारी गिनती में नियुक्तियों, प्रमोशनों और एक्सटेंशनों को एडीशनल चीफ सचिव शिक्षा पंजाब एसके संधू ने गहन जांच के बाद मंजूरी दे दी।
यूनिवर्सिटी में हुई विभिन्न अनियमितताओं में पूर्व वीसी अनुराम वर्मा द्वारा किए आदेश के बाद हुई जांच की सीलबंद रिपोर्टों को बैठक में पेश किया गया। बैठक में इन रिपोर्टों पर अगली कार्रवाई करने की बात कही गई। साथ ही सिंडीकेट ने सर्वसम्मति से अध्यापकों की पुनर्नियुक्ति का मुद्दा जनवरी में होने वाली अगली बैठक तक पेंडिंग रखना का फैसला लिया। सिंडीकेट ने यूनिवर्सिटी आफ फ्रेजर वैली कनाडा, डेफोडिल इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी ढाका और आईएनएसईईसी, फ्रांस के साथ हुए परस्पर समझौतों को हरी झंडी दिखाई। डीन रिसर्च और प्रोफेसर स्कूल आफ मैनेजमेंट की सलाह पर सेंटर फार इनोवेशन रचनात्मकता और उदम नीति की स्थापना को सिंडीकेट ने मंजूरी दे दी।