पटियाला के सरकारी राजिंदरा अस्पताल में जूनियर रेजिडेंट डॉक्टर के साथ छेड़छाड़ की घटना हुई है। महिला डॉक्टर के साथ अस्पताल के ही एक ईसीजी टेक्नीशियन पर छेड़छाड़ के आरोप लगे हैं। मेडिकल कॉलेज प्रबंधन ने शिकायत मिलने पर जांच सेक्सुअल हरासमेंट एट वर्क प्लेस अगेंस्ट वुमेन कमेटी को सौंप दी है। कमेटी अब दोनों पक्षों को बुलाकर मामले में जांच शुरू करेगी।
राजिंदरा के रेजिडेंट डाक्टर्स एसोसिएशन के मुताबिक, वीरवार देर रात शिकायत मिली थी कि गाइनी विभाग में काम करने वाली एक जूनियर रेजिडेंट डॉक्टर के साथ छेड़छाड हुई है। सूचना मिलने पर एसोसिएशन पीड़ित के पास पहुंचे और उनका पक्ष जानने के बाद शिकायत मेडिकल कॉलेज प्रबंधन को दी है। एसोसिएशन ने आरोपी के खिलाफ बनती कार्रवाई की मांग की है।
मेडिकल कॉलेज के डायरेक्टर प्रिंसिपल डॉ. राजन सिंगला ने बताया कि जूनियर रेजिडेंट डॉक्टर का आरोप है कि एक मरीज का ईसीजी कराने के लिए उन्होंने टेक्नीशियन को बुलाया था। टेक्नीशियन ने डॉक्टर को गलत तरीके से छुआ। वहीं, टेक्नीशियन का कहना है कि उसने डॉक्टर से निकलने के लिए रास्ता मांगा, लेकिन उन्होंने नहीं सुना। जिस पर उन्होंने छूकर पीछे किया था।
वहीं डॉक्टर का कहना है कि वह मरीज से बात कर रही थी। टेक्नीशियन उसे दोबारा से कहकर रास्ता मांग सकता था। इस तरह से पीछे से छूना गलत है। शिकायत मिलने के बाद इसकी जांच का जिम्मा कमेटी को सौंप दिया है। जांच के बाद मामले में आगे बनती कार्रवाई की जाएगी।