पठानकोट। तारागढ़ के नजदीक गांव रतन सिंह दी पिंडी में बुधवार दोपहर को एक कलयुगी बेटे ने अपनी मां और भतीजी पर दराट से हमला कर जख्मी कर दिया। इस घटना में मां के सिर व हाथ पर और भतीजी के सिर, बाजू, हाथ व टांग में गंभीर चोटें आई। दोनों को नरोट जैमल सिंह सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
राकेश के भाई व मोनिका के पिता अश्वनी कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी बेटी की शादी 30 जून, 2013 को डेरा बाबा नानक महाल नंगल में हुई थी। तीन दिन पहले ही वह मायके में आई थी। उसका भाई राकेश कुमार उर्फ काला निवासी रतन सिंह दी पिंडी मंगलवार को मां राजरानी (65) से जुआ खेलने के लिए पैसे मांग रहा था। मां ने जब पैसे देने से इनकार कर दिया, तो उसने गुस्से में आकर मां पर दराट से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। इस दौरान जब उसकी बेटी मोनिका (20) पत्नी विक्की ने चाचा राकेश को रोकने की कोशिश की, तो उसने मोनिका पर भी हमला बोल दिया।
इस हादसे में मोनिका के सिर, बाजू, हाथ व टांग में चोटें आई हैं। शोर सुनकर पहुंचे पड़ोसियों ने हस्तक्षेप करते हुए कड़ी मशक्कत के बाद राकेश पर काबू पाया। दोनों घायलों को नरोट जैमल सिंह सरकारी अस्पताल में ले जाया गया, यहां से उन्हें पठानकोट रैफर कर दिया गया। अब पठानकोट में दोनों का उपचार चल रहा है। अश्विन कुमार ने बताया कि हमले में घायल हुई मोनिका के सिर में 30 टांके, हाथ में 26 टांके था बाजू में 19 टांके लगे हैं।
हमलावर राकेश कुमार के भाई अश्विनी कुमार भाई ने बताया कि राकेश की मानसिक हालत ठीक नहीं है, जिसके चलते लगभग 2 वर्ष पूर्व उसने खुद को आग लगा ली थी। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि राकेश कुमार उर्फ काला को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए। इसी के साथ उन्होंने बताया कि उनके परिवार को राकेश कुमार से जान का खतरा है।
सिविल अस्पताल में तैनात डा. अलका सरपाल ने बताया कि प्राथमिक उपचार के पश्चात उनको ब्लड चढ़ाया जा रहा है। हमले में दोनों के मोनिका के सिर में गंभीर जख्म हुआ है, जिससे उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। मां की हालत में सुधार है। उन्होंने बताया कि दोनों घायलों के टैस्ट करवाए जा रहे हैं, रिपोर्ट आने पर ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।