पठानकोट। पिछले दो दिन से जारी बारिश से बुधवार को राहत तो मिल गई, लेकिन नववर्ष के पहले दिन आसमान में कोहरा छाया रहा। बुधवार को बादल छाए रहने से पारा गिरकर तीन डिग्री पहुंच गया है। इससे ठंड का प्रकोप तेज हो गया है।
पठानकोट में नववर्ष की पहली सुबह 12 बजे तक आसमान में घना कोहरा छाया हुआ था। कोहरे की वजह से एक फीट की दूरी तक साफ दिखाई देना मुश्किल हो रहा था। हालांकि दिन में कोहरा हल्का छटने के बाद सूरज ने दर्शन दिए, लेकिन बादलों ने उसे फिर अपने पीछे छिपा लिया। पारा तीन डिग्री तक पहुंचने और बर्फीली हवाएं चलने से ठंड का प्रकोप और भी बढ़ गया है। इससे लोग दिनभर घरों में दुबके रहे।
बारिश से बढ़ी ठंड के चलते मार्केट भी सूनी पड़ी रही। ठंड से बचने के लिए कुछ दुकानदार आग जलाकर तापते नजर आए। सेहत विशेषज्ञ डॉ. जेसी कुंडा ने कहा कि बारिश सेहत के लिए फायदेमंद है। शुष्क सर्दी से बढ़ रही मौसमी बीमारी खासी, जुकाम और बुखार से लोगों को निजात मिलेगी। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों का ठंड से बचाव करने की सलाह भी दी है और शरीर को गर्म कपड़ों से पूरी तरह से ढककर बाहर निकलने का सुझाव दिया।
सुजानपुर में ठंड से एक की मौत
सुजानपुर (पठानकोट)। गांव ईस्लामपुर में एक अज्ञात व्यक्ति की ठंड लगने से मौत हो गई। उसका शव जम्मू-जालंधर राष्ट्रीय राजमार्ग पर गांव ईस्लामपुर के पास बस स्टाप पर मिला। माना जा रहा है कि रातभर ठंड में रहने से उसकी मौत हो गई। सुजानपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। सुजानपुर के एसएचओ थाना प्रभारी परमवीर सैनी ने बताया कि उन्हें बस स्टाप पर एक व्यक्ति शव मिलने की सूचना मिली थी। उन्होंने कहा कि उक्त व्यक्ति की मौत ठंड से हुई है और उसका शरीर पूरी तरह से अकड़ चुका है।