शहर के डलहौजी रोड स्थित स्पेयर पार्ट्स की दुकान से चोरों ने मंगलवार की रात हजारों रुपये का सामान पार कर दिया। दुकान व्यापारी नेता ही। थाना डिवीजन नंबर एक की पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं व्यापार मंडल ने घटना को लेकर पुलिस के प्रति रोष जताया है।
दुकान के मालिक व व्यापार मंडल के प्रदेश संगठन मंत्री एलआर सोढी ने बताया कि डलहौजी रोड पर उनकी हिमाचल मोटर्स के नाम से स्पेयर पार्ट्स की दुकान है। बुधवार सुबह वह दुकान खोलने के लिए पहुंचे तो शटर पर लगे ताले गायब थे। पास में ताले टूटे पड़े थे।
दुकान के अंदर सामान बिखरा पड़ा था। उन्होंने बताया कि चोर दुकान में रखे पांच हजार रुपये और सामान ले गये हैं। उन्होंने कहा कि वह शादी समारोह से लौटते समय रात करीब 11 बजे दुकान के बाहर से गुजरे थे और उस समय दुकान की स्थिति ठीक थी। इससे पता चलता है कि चोरी की घटना रात 11 बजे के बाद की है।
घटना की जानकारी मिलने पर व्यापार मंडल के प्रधान भारत महाजन, चेयरमैन राजेश शर्मा व प्रदेश संयुक्त सचिव सुनील महाजन मौके पर पहुंचे और पुलिस के प्रति रोष जताया। इन्होंने कहा कि शहर के बेहद व्यस्त रहने वाले डलहौजी रोड पर चोरी होना पुलिस की कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिन्ह लगा रही है।