गोरखपुर। बेलीपार के महोब में 16 जनवरी को हत्या कर हाईवे किनारे फेंकी गई लाश बस्ती के रहने वाले दुकानदार मोतीलाल की थी। 15 जनवरी की दोपहर से वह लापता था। खोजबीन कर रहे परिवार के लोगों ने मंगलवार को उसकी पहचान कर ली थी
वह पोस्टमार्टम के बाद देर शाम शव लेकर घर लौट गए। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कराया है। बेलीपार प्रतिनिधि के अनुसार बस्ती, कोतवाली के महिरी गांव निवासी मोतीलाल राजभर (30) सात भाईयों में तीसरे नंबर का है। गांव के चौराहे पर चाट की दुकान लगाकर वह जीविका चलाता था। परिवार में पत्नी प्रेमा के अलावा दो बच्चे हैं। 15 जनवरी की दोपहर से वह लापता था।
बेलीपार के महोब में 16 जनवरी को एक युवक की लाश मिलने की जानकारी पाकर मंगलवार को मोतीलाल का भाई थाने पहुंचा। कपड़ा और शव का फोटो देख उसने पहचान कर ली। दोपहर बाद मोतीलाल की पत्नी प्रेमा भी मेडिकल कॉलेज के मोर्चरी पहुंची। पोस्टमार्टम करने के बाद पुलिस ने शव घरवालों को सुपुर्द कर दिया।
परिवार के लोगों ने किसी के साथ दुश्मनी होने से इन्कार किया है। एसओ बेलीपार गौरव सिंह ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज हुआ है। मामले की छानबीन चल रही है। मोतीलाल नशे का आदी था। जल्द ही हत्यारों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा करेंगे।
हत्यारे उठा ले गए थे जेब में रखे कागजात
मोतीलाल की हत्या करने वाले बदमाशों ने ईंट से सिर कुचलकर हत्या करने के बाद पहचान छुपाने का प्रयास किया था। वह जेब में रखे सभी कागजात उठा ले गए थे। मोतीलाल का मोबाइल भी पुलिस को नहीं मिला। पुलिस संबंधों और लेनदेन के विवाद में हत्या होने की आशंका जता रही है।