अमृतस पुलिस के साथ नीरदलैंड का पर्यटक।
- फोटो : सोशल मीडिया
पंजाब के अमृतसर घूमने आया नीदरलैंड के एक पर्यटक के लिए स्थानीय पुलिस संकटमोचन साबित हुई। पुलिस ने पर्यटक की सहायता की जिस वजह से टूरिस्ट स्थानीय पुलिस का मुरीद हो गया। नीदरलैंड के पर्यटक ने मदद के लिए पुलिस का धन्यवाद किया है। टूरिस्ट ने कहा आई एम वेरी हैप्पी, थैंक्यू अमृतसर पुलिस फॉर हेल्प मी।
दरअसल, पंजाब घूमने आए नीरदलैंड का टूरिस्ट मंगलवार को अमृतसर पहुंचा था। अमृतसर पहुंचते ही उसकी मुश्किलें बढ़ गईं। क्योंकि टूरिस्ट का सामान गुम हो गया। इस पर्यटक का पासपोर्ट, मोबाइल फोन और कैश सहित अन्य दस्तावेज गुम हो गए। पर्यटक ने इसकी शिकायत पुलिस को दी।
शिकायत मिलते ही कमिश्नरेट पुलिस अमृतसर के पुलिस स्टेशन सी डिवीजन की पुलिस भी एक्टिव हो गई। टूरिस्ट के जरूरी दस्तावेज गुम होने की वजह से उसे जो परेशानी हुई उसे देखते हुए मुलाजिमों ने तुरंत कार्रवाई अमल में लाई। टूरिस्ट का गुम हुआ सामान ढूंढने के लिए पुलिस ने अपने सोर्स एक्टिव किए और पुलिस की मेहनत भी रंग लाई।
कमिश्नरेट पुलिस की तरफ से बताया गया कि उन्हें नीदरलैंड के एक पर्यटक के पासपोर्ट, मोबाइल, नकदी और अन्य दस्तावेज गुम होने की सूचना मिली। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए गुम हुए सामान को ढूंढने के लिए टीम बनाई। टीम ने सफलतापूर्वक सामान का पता लगाया और सामान को सही सलामत पर्यटक को वापस सौंप दिया।
कमिश्नरेट पुलिस अमृतसर ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर एक वीडियो शेयर की है। वीडियो में नीरदलैंड का पर्यटक अमृतसर पुलिस का धन्यवाद कर रहा है। पर्यटक कह रहा है कि मेरा खोया हुआ सामान पुलिस ने ढूंढ लिया है। इसके लिए मैं अमृतसर पुलिस का धन्यवाद करता हूं और अब मैं काफी खुश भी हूं क्योंकि मेरा पासपोर्ट, मोबाइल, कैश सहित सारा सामान मिल गया है।