डीएसपी बलकार सिंह ने बताया कि अदालत से लॉरेंस बिश्नोई का सात दिन का रिमांड मिला है। वह 28 जुलाई तक पुलिस रिमांड पर रहेगा। इसके बाद उसे फिर अदालत में पेश किया जाएगा। रिमांड के दौरान उससे रणजीत सिंह राणा की हत्या मामले में पूछताछ की जाएगी। उधर, लॉरेंस बिश्नोई के वकील सतनाम सिंह धीमान ने बताया कि पुलिस ने यह कहकर अदालत से 14 दिन के रिमांड की मांग की थी कि उन्होंने रणजीत सिंह राणा की हत्या में इस्तेमाल हथियारों के बारे में पूछताछ करनी है।
मगर अदालत ने पुलिस को सात दिन का रिमांड दिया है। बता दें कि मूलरूप में बाजाखाना (फरीदकोट) निवासी रणजीत राणा की 22 अक्तूबर 2020 की शाम को करीब साढ़े तीन बजे गांव औलख में हत्या कर दी गई थी। वह अपनी पत्नी राजवीर कौर के साथ दवा लेने गुरु नानक अस्पताल पहुंचा था। अस्पताल के सामने पहले से ही खड़ी गाड़ी से तीन युवक उतरे और उन्होंने राणा पर अंधाधुंध फायरिंग कर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी फरार हो गए थे। थाना सदर पुलिस ने इस मामले में मृतक राणा की पत्नी राजवीर कौर के बयान पर अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया था।
गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया छह दिन के पुलिस रिमांड पर
गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया को गुरुवार को गुरदासपुर कोर्ट में पेश किया गया। गौरतलब है कि 28 जनवरी को भारत-पाकिस्तान सीमा पर पाकिस्तानी तस्करों के साथ मुठभेड़ में बीएसएफ का एक जवान घायल हो गया था। इस दौरान 47 किलो हेरोइन, दो पिस्टल और कुछ विस्फोटक बरामद किए गए थे। इस मामले में हथियारों की बरामदगी को लेकर जग्गू भगवानपुरिया से पूछताछ की जानी है। डीएसपी गुरविंदर सिंह ने बताया कि उसे कोर्ट में पेश कर छह दिन के रिमांड पर लिया गया है और पुलिस उसे बाबा बकाला से लेकर आई है। अब इस मामले में पूछताछ होगी।