जीरकपुर। नगर परिषद चुनाव की तारीख जैसे-जैसे नजदीक आ रही है वैसे ही शहर की राजनीति गर्मा गई है। इसके मद्देनजर मंगलवार को देर शाम वार्ड-13 से भाजपा उम्मीदवार सुनीता डोगरा के दफ्तर में किसी ने तोड़फोड़ की है।
बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह जब भाजपा उम्मीदवार नामांकन पत्र भरने रिटर्निंग ऑफिस गए हुए थे तो उनके पीछे से भाजपा उम्मीदवारों के वार्ड-1 से निधि बलूनी, वार्ड-3 से मधु बाला, वार्ड-5 से माया देवी के चुनावी दफ्तर में किसान समर्थक युवक पहुंच गए और उनके दफ्तर में तोड़फोड़ की। इस पर भाजपा उम्मीदवारों ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि किसान आंदोलन की आड़ में माहौल खराब करने वाले युवकों की हरकतें जीरकपुर नगर परिषद चुनाव में दिखने लगी है। उम्मीदवार सुनीता डोगरा ने कहा कि दफ्तर पर किसान समर्थकों के भेष में आए कुछ असामाजिक तत्वों ने हमला किया है और वहां पर रखा हुआ सामान तोड़ दिया है। वह समाज सेवा का सपना लेकर राजनीति में आईं थी। लेकिन कुछ असामाजिक तत्वों को एक पढ़ी लिखी महिला का राजनीति में आना अच्छा नहीं लग रहा है। इसी कारण से ऐसी हरकतें कर उनको डराना चाहते हैं। लेकिन वह डरने वाली नहीं हैं और समाज सेवा का अपना मिशन जारी रखेंगी। इस मौके पर भाजपा के ऑब्जर्वर गुरतेज ढिल्लों ने कहा कि उन्होंने पुलिस को शिकायत दे दी है।