नामांकन भरने आए भाजपा उम्मीदवारों का विरोध करते किसान।
- फोटो : MOHALI
डेराबस्सी। नगर परिषद चुनाव के नामांकन पत्र दाखिल करने के आखिरी दिन बुधवार को भाजपा के उम्मीदवारों का किसान यूनियनों की ओर से भारी विरोध किया गया। किसानों की चेतावनी को देखते सुबह से तहसील कांप्लेक्स को पुलिस छावनी में बदल दिया गया था। भाजपा उम्मीदवारों को भारी पुलिस सुरक्षा में तहसील कांप्लेक्स में नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए लाया गया। इनका किसान यूनियनों ने काले झंडे दिखाकर नारेबाजी करते हुए विरोध किया। यहां उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई जब प्रदर्शन कर रहे किसानों ने भाजपा उम्मीदवारों को नामांकन पत्र दाखिल करने से रोकने के लिए तहसील कांप्लेक्स में दाखिल होने की कोशिश की। इनको भारी संख्या में मौजूद पुलिस बल ने मुश्किल से रोका। इस मौके पर किसानों को रोकने के लिए पुलिस को बैरिकेडिंग करनी पड़ी।
इस मौके पर किसानों ने चेतावनी दी है कि वह भाजपा के उम्मीदवारों को चुनाव के लिए प्रचार नहीं करने देंगे। शहर में भाजपा का कोई भी बाहरी नेता प्रचार करने नहीं आने दिया जाएगा। इस मौके पर किसान यूनियन के सदस्यों में करम सिंह कारकौर, अवतार सिंह जवाहरपुर, मेजर सिंह परागपुर, बलिहार सिंह बल्ली अमलाला सहित अन्य किसान नेता मौजूद थे।
फोटो