जीरकपुर। शहर के वार्ड नंबर 9 में लंबे समय से लोग सड़कों की समस्या को लेकर परेशान चल रहे थे। बरसात के दिनों और आम दिनों में भी लोगों को इन रास्तों से गुजरने में मुश्किल का सामना करना पड़ रहा था। मंगलवार को नगर परिषद जीरकपुर के प्रधान उदयवीर सिंह ढिल्लों के नेतृत्व में वार्ड नंबर-9 की हिल व्यू कॉलोनी में इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाने का काम शुरू किया गया। इस मौके पर वार्ड नंबर-9 की पार्षद कुसुम रानी और उनके बेटे विशाल शर्मा के साथ कॉलानी निवासियों ने नगर परिषद प्रधान उदयवीर ढिल्लों का धन्यवाद किया।
इस अवसर पर पार्षद कुसुम रानी ने कहा कि उन्होंने उदयवीर सिंह ढिल्लों के नेतृत्व में वार्ड निवासियों के लिए नीले कार्ड, गरीबों को राशन, गरीब लड़कियों की शादिया, विधवा और बुढ़ापा पेंशन और कई अन्य सेवाओं की जानकारी देकर उनका फायदा लोगों तक पहुंचाने के लिए एक मुहिम चला रखी है। जो बिना भेदभाव और पार्टीबाजी से ऊपर उठकर सभी के लिए है। इस मौके पर विशाल शर्मा ने कहा कि नगर परिषद के प्रधान उदयवीर सिंह ढिल्लों शहर निवासियों की समस्या को पहल के आधार पर लेते हैं और खुद मौके पर पहुंचकर जांच करके उस समस्या का हल करने का प्रयास करते हैं।
इस अवसर पर नगर परिषद के प्रधान उदयवीर ढिल्लों ने कहा कि शहर के लोगों ने उन पर विश्वास जताते हुए उन्हें हाउस में भेजा है और सेवा करने की जिम्मेदारी सौंपी है। इसलिए वह बिना भेदभाव के लोगों की सेवा करने के लिए तत्पर रहते हैं। उन्होंने कहा कि लोगों की सुविधा के लिए पहले सीवरेज लाईनें बिछाईं गई और अब इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाने का काम शुरू किया गया है। जिससे शहर निवासियों को यातायात में किसी किस्म की परेशानी का सामना न करना पड़े। इस मौके पर पार्षद कुसुम रानी, सतपाल शर्मा, विशाल शर्मा, ओम प्रकाश उपाध्याय, परमार, ईश्वर मलिक, तजिंदर ठाकुर, राम प्रकाश नेगी, योगिंदर क्वात्रा, अभिषेक सैनी, जगदीश गोयल और नारायण शर्मा मौजूद थे।