मोहाली। बलौंगी कॉलोनी के आजाद नगर और अन्य इलाकों में बीस दिन से पानी का संकट गहराया हुआ है। इलाके में पानी की सप्लाई सही तरीके से नहीं हो रही है। लोग घंटों पानी के लिए धक्के खा रहे हैं। इतना ही नहीं मजबूरी में लोगों को पानी के टैंकर मंगवाने पड़ रहे हैं। वहीं, टैंकर वाले भी अब लोगों की मजबूरी का फायदा उठाते हुए मनमाने पैसे वसूल रहे हैं। इलाके के लोगों ने विधायक कुलवंत सिंह से गुहार लगाई है कि इलाके में पानी का संकट दूर किया जाए, ताकि लोगों को दिक्कत न उठानी पड़े।
बलौंगी कॉलोनी के पंच लाल बहादुर ने बताया कि पिछले दिनों से पानी की सप्लाई बहुत कम हो रही है। जिससे इलाके के लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि वह जब भी ट्यूबवेल ऑपरेटर को फोन करके समस्या बताते हैं कि इलाके में पानी की सप्लाई नहीं हो रही है तो उसका आगे से जवाब होता है कि उसने ट्यूबवेल चलाकर पानी की सप्लाई शुरू कर दी है। अगर आजाद नगर में पानी नहीं पहुंच रहा है तो वह क्या कर सकता है।
वहीं, इलाके में जहां भी पानी के नल की टूटी नीचे लगी हुई हैं उनमें पानी आ जाता है। ऐसे में पानी भरने के लिए लोगों की लंबी लाइन लग जाती है। इतना ही नहीं मजबूरी में लोगों को अपने सबमर्सिबल पंप लगाने पड़ रहे हैं। इस मौके वहां पर जुटे लोगों ने बताया कि वह विभाग को इस बारे में बता चुके हैं। लोगों ने बताया कि कुछ समय पहले विधायक कुलवंत सिंह की ओर से इलाके में ट्यूबवेल लगाने का काम शुरू किया था। लेकिन उसके बाद भी हालात में सुधार नहीं हुआ। लोग मजबूरी में पानी के टैंकर मंगवाकर काम चला रहे हैं।