ट्रेन का हॉर्न भी नहीं सुना, चंडीगढ़ जा रही पेसेंजर ने मारी टक्कर
संवाद न्यूज एजेंसी
जीरकपुर। फोन पर बात करते हुए लापरवाही के साथ रेल की पटरी पर जा रहे व्यक्ति को जान गंवानी पड़ी। यह हादसा गाजीपुर गांव के नजदीक हुआ, जहां 25 वर्षीय युवक की ट्रेन की टक्कर से मौत हो गई। मृतक की पहचान पप्पू निवासी उत्तर प्रदेश हाल निवासी गांव गाजीपुर के रूप में हुई है।
हादसे के बाद रेलवे पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। रेलवे पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पप्पू शाम के समय कान से फोन लगाकर बात करते हुए जा रहा था। उसे ट्रेन का हॉर्न सुनाई नहीं दिया और हादसा हो गया। जब हादसा हुआ तो पेसेंजर ट्रेन अंबाला से चंडीगढ़ की तरफ जा रही थी। हादसे के दौरान युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने पप्पू के परिजनों के बयान दर्ज करने के बाद शव उन्हें सौंप दिया।