कुराली। जन्मदिन मना रहे दोस्तों के साथ मारपीट करने और फिर पिस्तौल दिखाकर कपड़े फाड़ने के बाद पैर छूकर माफी मांगने का वीडियो बनाकर वायरल करने का मामला सामने आया है। इस मारपीट में पीड़ित गगनदीप सिंह की बाजू में 15 टांके आए हैं। आरोपियों ने मारपीट और मांफी मांगने का वीडियो फेज-6 स्थित सरकारी कॉलेज के ग्रुप में वायरल किया है। इस मामले में सदर कुराली पुलिस ने आठ आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान हनी बॉक्सर, रमन राणा, अभी शर्मा उर्फ बिल्ला, नमन सेठी, जस, गुरी सैनी और दो अज्ञात के रूप में हुई है। शिकायतकर्ता हरमिंदर सिंह निवासी खरड़ ने बताया कि 19 सितंबर को उसके दोस्त अमरजीत सिंह निवासी खूनीमाजरा का जन्मदिन था। उसका जन्मदिन मनाने के लिए उसके दोस्त अमरजीत सिंह, हरमनदीप सिंह और सिमरनजीत सिंह भी आए थे। 19 सितंबर की रात करीब 10 बजे वह सब दोस्त गगनदीप सिंह की ट्यूबवेल के मोटर पर जन्मदिन मनाने के लिए बैठे थे और आपस में बातें कर रहे थे।
इसके बाद रात करीब पौने दो बजे उक्त आरोपी हाथों में डंडे और तलवारें लिए आ पहुंचे। आरोपी हनी बॉक्सर ने उसको पीछे से थप्पड़ मारा और वह नीचे गिर गया। जब हरमनदीप सिंह उसे छुड़ाने के लिए बीच में आया तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की। जब हरमनदीप सिंह वहां से भागने लगा तो गुरी सैनी ने हाथ में पकड़ी दरांती से उसके हाथ पर वार कर दिया। इसके बाद उक्त आरोपियों ने हरमिंदर सिंह को बेल्ट से बांध दिया और खूब पीटा। इससे उसके सिर और कमर पर काफी गहरी चोटें आईं।
इसके बाद उसे पिस्तौल दिखाकर कपड़े उतारने के लिए बोलने लगे, जब उसने मना किया तो उसके जबरदस्ती उसके कपड़े फाड़ दिए। इसके बाद उसे पैर छूकर माफी मांगने के लिए कहा तो उसने मना किया तो उसके सिर पर पिस्तौल तान दी। इसके बाद आरोपियों ने उसकी आंखों पर मुक्के मारे जिससे उसे दिखना बंद हो गया और वह वहीं बेहोश होकर गिर गया। इस दौरान आरोपियों ने उसका वीडियो बना लिया। इसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गए। इसके बाद अजीत और हरमनदीप सिंह ने उसे और गगनदीप सिंह को कुराली के सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया। यहां पर अब उनको इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई।