मोहाली। खरड़ में बेरोजगार ईटीटी टीचर्स की ओर से किए जा रहे आंदोलन को देखते हुए अब बेरोजगार पीटीआई टीचर्स एसोसिएशन ने अपनी मांगों को लेकर मोर्चा खोल दिया है। वीरवार को एयरपोर्ट रोड पर पीटीआई एसोसिएशन के सदस्यों ने मुख्य रास्ता रोककर आवाजाही पर ब्रेक लगाने की कोशिश की, जिनमें से कुछ टीचर्स गांव सोहाना में पानी की टंकी के ऊपर चढ़ गए और पंजाब सरकार के शिक्षामंत्री परगट सिंह के खिलाफ जमकर रोष प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की। सूचना मिलते ही सोहाना थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और मुख्य सड़क के बीचोंबीच धरना लगाकर बैठे बेरोजगार पीटीआई टीचर्स एसोसिएशन के सदस्यों को एक तरफ धकेलकर रास्ता खुलवाया और पानी की टंकी पर चढ़कर बैठे टीचर्स को उतारने में पुलिस अधिकारी जुट गए। बता दें कि इससे पहले भी बेरोजगार टीचर्स की तरफ से सोहाना की पानी की टंकी पर चढ़कर आंदोलन किया गया था, जिसके चलते प्रशासन द्वारा जर्जर हो चुकी पानी की टंकी की सीढ़ियों को तुड़वा दिया था। लेकिन वीरवार को टीचर्स लकड़ी की सीढ़ी लगाकर टंकी के ऊपर चढ़ने में कामयाब रहे।
जानकारी के मुताबिक, वीरवार को सोहाना स्थित गुरुद्वारा श्री सिंह शहीदां से कुछ दूरी पर स्थित पानी की टंकी के पास पीटीआई टीचर्स एसोसिएशन के सदस्य एकत्रित हो गए, जिन्होंने हाथ में लिए बैनरों को पकड़कर एकाएक एयरपोर्ट रोड पर जाम लगा दिया। वहीं, हाथ में पकड़े बैनरों में पीटीआई टीचर्स एसोसिएशन द्वारा किए वादों को याद करवाने की कोशिश की। एसोसिएशन के सदस्यों ने बताया कि 2017 में कांग्रेस ने पंजाब के अंदर सत्ता संभालने से पहले उन्हें पक्का करते हुए नियुक्ति पत्र देने का भरोसा दिया था, लेकिन साढ़े 4 साल के कार्यकाल के दौरान उन्हें पक्का करने की बजाय कांग्रेस पार्टी नेता कुर्सी के चक्कर में आपस में लड़ने में लगे हुए हैं। टीचर्स ने बताया कि शिक्षा मंत्री परगट सिंह दो महीने पहले एक चिट्ठी सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह को लिखते हैं, जिसमें पीटीआई टीचर्स की मांगों को जायज ठहराकर उन्हें नियुक्ति पत्र जारी करने की अपील करते हैं। लेकिन बदले हालात के बीच अब विधायक परगट खुद शिक्षामंत्री बन गए हैं और अब उन्हें अपनी चिट्ठी को खोलकर पढ़ लेना चाहिए। क्योंकि ये सरकार दोहरा चेहरा है, क्योंकि जब तक परगट सिंह के पास कुर्सी नहीं थी तब तक पीटीआई टीचर्स के हकों के लिए आवाज उठा रहे थे और अब जब खुद कुर्सी पर विराजमान हो गए तो उन्हें पीटीआई टीचर्स की मांग याद नहीं आए।
वीरवार को एयरपोर्ट रोड पर पीटीआई टीचर्स एसोसिएशन द्वारा किया गया रोष प्रदर्शन शिक्षामंत्री परगट सिंह को उनके किए वादे याद करवाना है और जब तक उनकी मांगों को पूरा नहीं किया जाता तब तक संघर्ष चलता रहेगा। दूसरी ओर, टीचर्स एसोसिएशन की तरफ से किए रोड जाम के बाद एयरपोर्ट रोड पर आवाजाही ठप्प होने से जाम लग गया, जिसकी सूचना मिलते ही सोहाना पुलिस अधिकारी पहुंच गए और सड़क के बीचोंबीच बैठे लोगों को हटाकर साइड किया। खास बात यह रही कि प्रदर्शन करने वाले टीचर्स में कुछ टीचर वहां स्थित पानी की टंकी पर लकड़ी की सीढ़ी लगाकर चढ़ने में कामयाब रहे और टंकी पर चढ़े टीचर्स को देखकर भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात कर दिया गया। खबर लिखे जाने तक पुलिस अधिकारी टीचर्स को उतारने को लेकर प्रयास करते रहे।