मध्यप्रदेश से मोहाली में आ रहे अवैध हथियार, जेल में रहने के दौरान गैंगस्टरों के लिए करता है काम
एक महीने में दो बार भारी मात्रा में लाए हथियारों की मोहाली में हो चुकी है तस्करी
संवाद न्यूज एजेंसी
मोहाली। स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एसएसओसी) ने गुप्त सूचना पर संदिग्ध युवक विनोद कुमार को अवैध हथियार तस्करी मामले में गिरफ्तार किया था। आरोपी से पहले .32 बोर पिस्टल व मैगजीन बरामद हुए थे। आरोपी पुलिस रिमांड पर है। उसकी निशानदेही पर एसएसओसी ने अब दो और .32 बोर के पिस्टल बरामद किए हैं। पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी मध्यप्रदेश से हथियार लाकर पंजाब में तस्करी करता था।
लुधियाना जिले में पड़ते गांव गयासपुर के रहने वाले विनोद कुमार ने पूछताछ में खुलासा किया कि वह डिमांड के हिसाब से मध्यप्रदेश से सस्ते हथियार लाकर पंजाब एरिया में तस्करी करता था। इस बार भी एक गैंग ने उससे चार पिस्टल मंगवाए थे। वह यह पिस्टल मध्यप्रदेश से लेकर आया था, जिसे उसने मोहाली के रास्ते लुधियाना पहुंचाना था। एसएसओसी टीम को इसका इनपुट मिला था, जिसके बाद एसएसओसी ने ट्रैप लगाकर आरोपी को घड़ुआं खरड़ से गिरफ्तार किया था।
आरोपी ने पूछताछ में यह भी खुलासा किया कि वह लुधियाना जेल में रहने के दौरान गैंगस्टरों के संपर्क में आया और अवैध हथियारों की तस्करी करने लगा। वह लंबे समय से अलग-अलग गैंग के लिए अवैध हथियारों की तस्करी कर रहा था। गिरफ्तार आरोपी विनोद हिस्ट्रीशीटर है, उसके खिलाफ पहले भी चोरी और स्नैचिंग के मामले दर्ज हैं। आरोपी विनोद ने यह खुलासा किया कि पिछले एक महीने में वह मध्यप्रदेश से दो बार भारी मात्रा में अवैध हथियार लाकर उसकी मोहाली में तस्करी कर चुका है। उसने पूछताछ में बताया कि वह मध्यप्रदेश के गांव जसोंदी बुरहानपुर से सस्ते हथियार लेकर आता है। उसने बताया कि एक साथी ने उसकी मध्यप्रदेश में हथियार तस्करों से सेटिंग करवाई थी।
आरोपी के खिलाफ एसएसओसी थाने में बीएनएस की धारा 61 (2) व आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। यह मामला एसएसओसी में तैनात इंस्पेक्टर रविंदर सिंह की शिकायत पर दर्ज किया गया है। आरोपी से अब तक .32 बाेर के चार पिस्टल बरामद हो चुके हैं।
बता दें कि पहले पंजाब में यूपी से हथियारों की तस्करी हो रही थी लेकिन पंजाबी सिंगर व रैपर सिद्धू मूसेवाला की हत्या की प्लानिंग यूपी में हुई थी, जिसकी हत्या के बाद पंजाब पुलिस ने यूपी में अपना नेटवर्क मजबूत कर दिया और यूपी से अवैध हथियाराें की तस्करी बंद हो गई। अब पंजाब में मध्यप्रदेश से हथियार पहुंच रहे हैं। इससे पहले भी मध्यप्रदेश से हथियारों की तस्करी हो चुकी है और पुलिस तस्करों को काबू भी कर चुकी है लेकिन मध्यप्रदेश से हथियार लाने का सिलसिला अभी भी जारी है।