गांव बासमा में हुई घटना, ग्रामीणों का आरोप- पुलिस ने बिना कार्रवाई के आरोपियों को छोड़ासंवाद न्यूज एजेंसी
लांडरां/बनूड़। लांडरां से तेपला राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित बासमा गांव के निवासियों की ओर से गांव में रह रहे दो प्रवासी मजदूरों को पीटकर बाहर निकाल दिया। इसका वीडियो दो दिन से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में बासमा गांव के लोग प्रवासी मजदूरों को पीट रहे हैं और गांव से बाहर निकालने की बात कह रहे हैं। उनका आरोप है कि पुलिस ने बिना कार्रवाई के आरोपियों को छोड़ दिया है।
जानकारी देते हुए गांव बासमा के सरपंच तरसेम लाल, गुरजोत सिंह खालसा, नंबरदार तुलसा सिंह, सतिंदर सती, परमजीत सिंह, रणजीत सिंह, गुरदीप काला, नैब सिंह, काका सिंह, जीत सिंह, सावन सिंह, बलविंदर सिंह काका के अलावा अन्य ग्रामीणों ने बताया कि गांव की करीब दो दर्जन नाबालिग लड़कियां पास के गांव तेपला में स्थित सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्मार्ट स्कूल में पढ़ती थीं। स्कूल में पढ़ने के लिए जाने वाली लड़कियों को किराए पर रहते दो प्रवासी मजदूर परेशान करते थे। पहले तो लड़कियों ने अपने माता-पिता को इस बारे में नहीं बताया। जब उन्होंने अपनी हरकतें बंद नहीं कीं तो उन्होंने मामले की जानकारी अभिभावकों को दी। इससे आक्रोशित होकर ग्रामीणों ने इन दोनों आरोपी प्रवासी मजदूरों को पकड़कर शंभू थाना की पुलिस के हवाले कर दिया।
ग्रामीणों ने बताया कि शंभू थाने की पुलिस ने इन प्रवासी मजदूरों को बिना कोई कार्रवाई किए छोड़ दिया है। पुलिस की इस कार्रवाई से गुस्साए ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और इन आरोपी प्रवासी मजदूरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
बिना सत्यापन के रहने वाले किराएदारों की भरमार
गौरतलब है कि शंभू के आसपास के गांवों में किरायेदारों की भरमार है और ज्यादातर प्रवासी मजदूर बिना सत्यापन के किराए पर रह रहे है। बिना सत्यापन के रह रहे प्रवासी किरायेदारों की पहले भी कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। बता दें कि कुछ दिन पहले एक गांव की नाबालिग लड़की के साथ गांव में रहने वाले किराएदारों ने दुष्कर्म किया था। इसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई, जिससे क्षेत्रवासियों में काफी रोष है।
कोट
गांव बासमा के निवासियों ने दो मजदूरों को पकड़कर बेरहमी से पीटा था। गांववासियों की ओर से लिखित शिकायत न देने पर उन्हें छोड़ दिया गया है। -गुरनाम सिंह घुम्मन, थाना प्रभारी, शंभू